लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे से कुछ मिनटों में कटेगा 3 घंटे का सफर, जानिए कब तक खुलेगा रूट
Lucknow News: सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाले राज्य उत्तर प्रदेश में एक और 63 किलोमीटर लंबा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो गया है. आने वाले कुछ दिनों में एक्सप्रेसवे पर वाहन रफ्तार भरते हुए नजर आएंगे. माना जा रहा है कि जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस 6 लेन वाले एक्सेस कंट्रोल्ड लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं. इन दो जिलों के बीच सफर करने वालों के लिए ये एक्सप्रेसवे कितनी अहमियत रखता है ये आपको विस्तार से बताएंगे.
3 घंटे का सफर 45 मिनट में कटेगा
राजधानी लखनऊ और कानपुर के बीच एक्सप्रेसवे शुरू होने से सफर करना आरामदायक हो जाएगा. अभी के समय में लखनऊ से कानपुर सफर करने के दौरान वाहन चालकों को नेशनल हाईवे 27 (NH-27) पर भीड़ और ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है. इस रूट पर ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण लखनऊ से कानपुर पहुंचने में ढाई से तीन घंटे तक का समय लग जाता है. लेकिन एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद 3 घंटे का सफर मात्र 45 मिनट में कट जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा होगी.
कितना महंगा होगा एक्सप्रेसवे का सफर
यूपी के सबसे छोटे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल टैक्स दरों की लिस्ट जारी कर दी है. लाइट कमर्शियल वाहनों का एक तरफ का 445 रुपए और आने-जाने का 675 टोल टैक्स चार्ज लगेगा. बसों और ट्रकों के एक तरफ का 915 रुपए और दोनों तरफ का 1405 रुपए निर्धारित किया गया है. भारी कमर्शियल वाहनों के एक तरफ के लिए 1020 रुपए और आने-जाने के लिए 1530 रुपए चार्ज होंगे.

