सिरसा बस अड्डा परिसर में लगेगा चिलिंग प्लांट, रोजाना 50 हजार यात्रियों को मिलेगा ठंडा पेयजल
Sirsa News: सिरसा जिला के बस अड्डा परिसर में यात्रियों को ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लिए 2000 लीटर का चिलिंग प्लांट लगाने का फैसला किया है. ये चिलिंग प्लांट एक निजी सामाजिक संस्था के सहयोग से लगाया जाएगा. सिरसा बस अड्डे से रोजाना 50-55 हजार यात्रियों का आना-जाना होता है. चिलिंग प्लांट लग जाने के बाद भीषण गर्मी के मौसम में सभी यात्रियों को ठंडे पेयजल की सुविधा मिल सकेगी.
वाटर कूलर और पानी की टंकियां खाली मिली
पिछले दिनों यात्रियों की शिकायत के बाद मामला सामने आया की बस अड्डा परिसर में वाटर कूलर और पानी की टंकियां खाली पड़ी हुई थी. साथ ही कई टंकियां पर लगी हुई पानी की टोंटी भी गायब थी. जिसकी वजह से यात्रियों को पानी पीने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था या फिर जेब से पैसा खर्च करके पेयजल बोतल खरीद कर काम चलाना पड़ता था. लेकिन अब जीएम कुलदीप जांगड़ा ने सख़्ती दिखाते हुए संबंधित कर्मचारियों को बस अड्डा परिसर में यात्रियों के लिए पेयजल सुविधा सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए निर्देश दिए हैं.
वाटर कूलर में पानी की निरंतर सप्लाई बनी रहने के लिए पानी के दो बड़ी टंकी रखवाई गई है. साथ ही उन्होंने लंबे रूट पर चलने वाली बसों में यात्रियों के पेयजल सुविधा के लिए कैंपर रखने को कहा है. बस अड्डे में लगने वाला चिलिंग प्लांट से हर घंटे 200 लीटर ठंडा पानी यात्रियों मिलेगा.