युवाओं पर दांव: INLD ने बदली रणनीति, संगठन में 50 प्रतिशत भागीदारी देने की तैयारी

नरवाना में 23 मार्च को प्रदेशस्तरीय युवा सम्मेलन; सिरसा से आज बैठकों की शुरुआत करेंगे अभय चौटाला
 

Haryana: हरियाणा की राजनीति में फिर से मजबूत पकड़ बनाने की कोशिश में जुटी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) अब युवाओं पर बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है। पार्टी ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए संगठन और भविष्य के चुनावों में युवाओं को अधिक भागीदारी देने का फैसला किया है। इसके तहत इनेलो ने आने वाले समय में चुनावी मैदान में भी 50 प्रतिशत युवाओं को मौका देने की रणनीति बनाई है। विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हों, लेकिन चुनाव के बाद से ही इनेलो लगातार प्रदेश में सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी विभिन्न जिलों में संगठनात्मक बैठकों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और युवा सम्मेलनों के जरिए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि युवाओं को आगे लाकर संगठन को नई ऊर्जा दी जा सकती है।

युवाओं को संगठन से जोड़ने में जुटे अर्जुन और कर्ण चौटाला

इनेलो ने युवाओं को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी युवा नेतृत्व को सौंपी है। रानियां से विधायक अर्जुन चौटाला इस अभियान को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला भी लगातार युवाओं को संगठन में अहम जिम्मेदारियां देने के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। वहीं जिला परिषद सिरसा के चेयरमैन युवा नेता कर्ण चौटाला लगातार युवाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पिछले कुछ समय में कई जिलों में आयोजित बैठकों और कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी बढ़ती नजर आई है। पार्टी का मानना है कि युवा वर्ग को जोड़कर संगठन को मजबूत आधार दिया जा सकता है, जिससे आने वाले चुनावों में पार्टी को राजनीतिक संजीवनी मिल सकती है।

नरवाना में युवा शक्ति का प्रदर्शन 23 मार्च को, सिरसा से शुरू हुई तैयारियां

इसी रणनीति के तहत इनेलो ने 23 मार्च को जींद जिले के नरवाना में प्रदेशस्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवाओं को जुटाने की तैयारी की जा रही है। पार्टी इसे अपनी युवा ताकत दिखाने का बड़ा मंच मान रही है। युवा सम्मेलन की तैयारियों की शुरुआत इनेलो अपने गृह जिला सिरसा से कर रही है। शुक्रवार को सिरसा में युवाओं की पहली बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक को इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा और जिला परिषद के युवा चेयरमैन कर्ण चौटाला संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, विधायक अर्जुन चौटाला, आदित्य चौटाला और कर्ण चौटाला प्रदेश के अन्य जिलों में भी बैठकें कर युवाओं को सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे।