सिरसा में बाइपास पर खुदाई, रेलवे फाटक और नाला सफाई का मलबा बना परेशानी, यातायात व्यवस्था बाधित

Sirsa News: डबवाली रोड बाइपास पर स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने की मलबे को तुरंत हटाने की मांग
 

सिरसा: शहर की डबवाली रोड बाइपास पर रेलवे फाटक, सड़क किनारे की खुदाई और बरसाती नाले की सफाई से निकला मलबा वाहन चालकों की मुश्किलें लगातार बढ़ा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई जगहों पर यातायात पूरी तरह बाधित नजर आ रहा है।

एक साइड से वाहनों की आवाजाही होने के कारण दिनभर जाम जैसे हालात बने रहते हैं। नाले की सफाई के दौरान निकाला गया मलबा सड़क किनारे डाल दिया गया है। इससे रास्ता और संकरा हो गया है। दूसरी ओर, बाइपास पर पहले से चल रही गहरी खुदाई के कारण बड़े वाहनों और बसों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान वाहनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं.

मरीजों को हो रही परेशानी 

फाटक खुलने के बाद भी यातायात सामान्य होने में काफी समय लग रहा है। यह मार्ग शहर के प्रमुख रास्तों में शामिल है। एंबुलेंस के लिए भी इसे मुख्य मा मार्ग माना जाता है। ऐसे में जाम और अव्यवस्था के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार लग रहे जाम और सड़क किनारे फैले मलबे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। खासकर रात के समय हालात ज्यादा जोखिम भरे हो रहे हैं.

शहर के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मलबे को तुरंत उठाया जाए। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए। निर्माण कार्यों को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाए। ताकि आमजन को राहत मिल सके।