सिरसा: गुड़िया खेड़ा का छोरा करेगा मुख्यमंत्री से प्राकृतिक खेती पर संवाद, अपने अनुभव और सुझाव करेंगे साझा

 

Sirsa: सिरसा जिले के गांव गुड़िया खेड़ा के प्रगतिशील किसान योगेश हुड्डा बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री से प्राकृतिक खेती विषय पर सीधे संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ होने वाले इस संवाद में योगेश हुड्डा प्राकृतिक खेती अपनाने के अपने अनुभव साझा करेंगे और किसानों के हित से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी रखेंगे। यह अवसर न केवल उनके लिए बल्कि पूरे सिरसा जिले और किसान समुदाय के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

योगेश हुड्डा मुख्यमंत्री के समक्ष प्राकृतिक खेती से खेती की लागत कम होने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाने और किसानों की आय बढ़ाने जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। साथ ही प्राकृतिक खेती को अधिक प्रभावी ढंग से बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत करेंगे।

योगेश हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चर्चा से प्राकृतिक खेती को नई दिशा मिलेगी और अधिक से अधिक किसान इस पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।