पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना पर PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने जांच की माँग की

 
राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा रिफाइनरी में उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले भीषण आग लगने की घटना सामने आई है, जिसे लेकर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने चिंता जताई है. उन्होंने सोशल मिडिया पर कहा की- ‘कल उद्घाटन से ठीक पहले आज पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग की घटना अत्यंत चिंताजनक है। ये परियोजना राजस्थानवासियों के लिए गर्व का विषय है, जिसकी नींव UPA सरकार द्वारा 2013 में रखी गई थी, जिससे प्रदेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।

लेकिन प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कल रिफाइनरी के उद्घाटन से पूर्व आज इस तरह की अनहोनी होना दुर्भाग्यपूर्ण है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में सभी लोग सुरक्षित हों और किसी तरह की जनहानि न हो। साथ ही, आवश्यक है कि घटना की गंभीरता से जांच हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ किया जाए।‘

पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार दोपहर 2 बजे क्रूड डिस्टलेशन यूनिट और वेक्यूम डिस्टलेशन यूनिट में आग लग गई. इसके बाद फायर सेफ्टी सिस्टम और 10 से 15 फायर ब्रिगेड के जरिए यूनिट पर एक साथ पानी डालकर 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने की घटना के बाद प्रधानमंत्री मोदी का मंगलवार बालोतरा दौरा स्थगित हो गया है.