कपास बुवाई में किसानों का रुझान कम होने से घटा रकबा, फिर भी 73 हजार किवंटल बढ़ी खरीद

 

Sirsa : सिरसा जिले में कपास की खेती में किसानों का रुझान कम होने की वजह से रकबा पिछले पांच-छह वर्षों में घटा है, लेकिन इस बार मंडियों में कपास की खरीद के आंकड़े किसानों के लिए राहत भरी तस्वीर पेश कर रहे हैं। 6 नवंबर तक जिले की मंडियों में 2 लाख 96 हजार 192 क्विंटल कपास की खरीद हो चुकी है। पिछले

साल इसी अवधि तक 2 लाख 23 हजार 69 क्विंटल खरीद हुई थी। यानी इस बार अब तक 73 हजार 123 क्विंटल अधिक कपास मंडियों में पहुंच चुकी है। खरीद में करीब 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस बार जिले में करीब 3.5 लाख एकड़ में कपास की खेती की गई है। अनुकूल मौसम के चलते फसल की स्थिति बेहतर बताई जा रही है।

मंडियों में किसानों को 8 हजार से 9 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा है। हालांकि, अभी तक भारतीय कपास निगम (सीसीआई) की सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है और निजी एजेंसियां ही खरीद कर रही हैं। दीपावली के बाद आवक में तेजी आने की संभावना है।

पांच साल में कपास का रकबा करीब 1.7 लाख एकड़ घटा

जिले में कपास कभी प्रमुख खरीफ फसलों में शामिल रही है। वर्ष 2020-21 में 5.17 लाख एकड़ में कपास की खेती हुई थी। इसके बाद रकबा घटने-बढ़ने के क्रम में 2021-22 में 4.63 लाख एकड़, 2022-23 में 4.73 लाख एकड़ और 2023-24 में 4.57 लाख एकड़ रहा। वर्ष 2024-25 में यह घटकर 3.38 लाख एकड़ रह गया।

2025-26 में कुछ सुधार हुआ और रकबा 3.61 लाख एकड़ तक पहुंचा। इस बार करीब 13.5 लाख एकड़ में कपास बोई गई है। इन आंकड़ों से साफ है कि जिले में कपास का रकबा पांच-छह साल पहले के मुकाबले काफी कम हुआ है। इसके बावजूद यह फसल अब भी जिले के बड़े कृषि क्षेत्र का हिस्सा है।

रकबा घटने के पीछे किसानों का फसल चक्र बदलना और अन्य फसलों की ओर रुझान जैसे पहलू भी महत्वपूर्ण हैं। इस बार मौसम अनुकूल रहने से किसानों को फसल से बेहतर उम्मीद है।

उत्पादन में दो साल में दोगुना अंतर, फिर आई गिरावट

कपास के उत्पादन में भी पिछले चार वर्षों में बड़ा उतार-चढ़ाव रहा है। वर्ष 2022-23 में जिले में 11 लाख 44 हजार 985 क्विंटल उत्पादन हुआ था। 2023-24 में यह बढ़कर 20 लाख 48 हजार 202 क्विंटल पहुंच गया। अगले वर्ष 2024-25 में उत्पादन घटकर 10 लाख 21 हजार 324 क्विंटल रह गया।

4 साल में कपास उत्पादन का विवरण

वर्ष उत्पादन क्विंटल
2022-23 11,44,985
2023-24 20,48,202
2024-25 10,21,324
2025-26 13,84,626

2025-26 में फिर सुधार हुआ और उत्पादन 13 लाख 84 हजार 626 क्विंटल दर्ज किया गया। यानी एक साल में उत्पादन करीब दोगुना हुआ तो अगले साल फिर लगभग आधा रह गया। यह अंतर बताता है कि कपास का उत्पादन मौसम और फसल की स्थिति पर काफी निर्भर करता है।