सिरसा जिले का केहरवाला गांव, वर्ष 1852 में जाट फरसा राम गोदारा ने बसाया, कैर के पेड़ों की वजह पड़ा नाम
Keharwala Village History (Sirsa): वर्ष 1852 में करणीसर से प्रस्थान कर जाट जाति के फरसा राम गोदारा व उनके भाइयों ने जिस नए गांव की स्थापना की, वह आगे चलकर केरांवाला और फिर उच्चारण में बदलकर केहरवाला कहलाया. गांव के नामकरण के पीछे प्रमुख कारण था इस पूरी भूमि पर पाए जाने वाले कैर के घने पेड़, जिनके कारण यह इलाका बेहद उपजाऊ माना जाता था.
सरपंच प्रतिनिधि हरविंद गोदारा के अनुसार स्थापना के समय गांव बसाने के लिए लगभग 6 हज्जार बीघा भूमि तत्कालीन नवाब से ली गई, जहां प्राकृतिक रूप से कैर के पेड़ उगे होते थे. बुजुर्गों व ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार उस दौर में जनसंख्या कम थी और विभिन्न कार्यों के लिए लोगों की आवश्यकता अधिक थी. इस कारण विभिन्न जातियों के लोग उनके कौशल के अनुसार गांव में बसाए गए, जो घरेलू कामकाज, खेती-किसानी और कृषि उपकरणों के निर्माण में सहयोग करते थे.
राजनीतिक पृष्ठभूमि: केहरवाला से विधायक और मंत्री भी बने : सरपंच प्रतिनिधि हरविंद गोदारा ने बताया कि केहरवाला गांव को सिरसा क्षेत्र में राजनीतिक दृष्टि से सशक्त गांव माना जाता है. यह गांव कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला का पैतृक निवास है. उनके परिवार की राजनीतिक पकड़ वर्षों से मजबूत रही है. 1962 में केहरवाला के ही केसराराम ने कांग्रेस टिकट पर डबवाली विधानसभा से चुनाव लड़कर 18865 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी और आजाद उम्मीदवार प्रेम चंद को 6354 वोटों से हराया था. साल 1966 में हरियाणा के गठन के बाद बनी पहली सरकार में केसराराम को सिंचाई उपमंत्री बनाया गया. इससे पहले मनीराम केहरवाला और केसराराम भी विधायक रह चुके हैं.
केहरवाला पंचायत का लेखा-जोखा
| जनसंख्या | 5000 |
| मतदाता | 3375 |
| साक्षरता दर | 90% |
| जिला मुख्यालय से दूरी | 39 किलोमीटर |
| कनेक्टिविटी | स्टेट हाइवे 25 |
| प्रमुख उत्पादन | गेहूं, सरसों, नरमा |
| पहचान | करणी माता मंदिर, प्राचीन कुआं, दो ऐतिहासिक जोहड़, श्री कृष्ण मंदिर, गोगामेड़ी |
| आय का प्रमुख स्रोत | 10 एकड़ पंचायती कृषि भूमि, दो जोहड़ों का ठेका |
उपलब्ध सुविधाएं: सरपंच सुमन देवी ने बताया कि गांव में जनस्वास्थ्य केंद्र, को-ऑपरेटिव सोसायटी बैंक, सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक, दो सरकारी स्कूल, पशु अस्पताल, इंडोर जिम आदि अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं