The Chopal

Delhi To Leh Bus Service: दिल्ली-मनाली-लेह बस सर्विस शुरू, जानिए किराया, टाइमिंग और रूट के शहर

   Follow Us On   follow Us on
Delhi To Leh Bus Service: दिल्ली-मनाली-लेह बस सर्विस शुरू, जानिए किराया, टाइमिंग और रूट के शहर

Delhi-Leh Bus Service Latest Updates: लंबे समय बाद अब लोगों का इंतजार खत्म हो गया है। बुधवार से हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की दिल्ली-लेह रूट पर बस सेवा शुरू हो जाएगी। परिवहन विभाग ने इस रूट पर बस चलाने की इजाजत दे दी है और परमिट जारी कर दिया गया है। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने मंगलवार को जानकारी दी थी कि यह बस सेवा जल्द शुरू होने वाली है। हालांकि इस साल मई में ही लेह-मनाली हाईवे खुल गया था, लेकिन अब तक यह बस सेवा शुरू नहीं हो पाई थी। अब यात्रियों को दिल्ली से सीधे लेह तक बस से जाने की सुविधा मिल सकेगी। 

हाईकोर्ट के आदेश से रुकी बस सेवाएं

हाईकोर्ट के फैसले की वजह से प्रदेश की कई बस सेवाएं कुछ समय के लिए रोक दी गई थीं। लेकिन अब सरकार की ओर से धीरे-धीरे नए परमिट दिए जा रहे हैं। इसी के तहत दिल्ली-लेह जैसे जरूरी रूट पर भी बस सेवा फिर से शुरू कर दी गई है।

लाहौल-स्पीति की महिला विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि पहले हाईकोर्ट में पुराने रूटों को लेकर याचिका दाखिल की गई थी। इसी कारण इस रूट को मंजूरी नहीं मिल पाई थी। उन्होंने बताया कि उनकी ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारियों से बातचीत हुई है और अब रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार को उन्होंने जानकारी दी कि दो दिन के भीतर केलांग से यह बस सेवा शुरू हो जाएगी।

विधायक ने दी जानकारी, दिल्ली-लेह रूट का परमिट जारी

विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि दिल्ली से लेह के बीच बस चलाने के लिए जरूरी परमिट मिलने की प्रक्रिया अपने आखिरी चरण में थी और उम्मीद थी कि यह परमिट मंगलवार शाम तक मिल जाएगा। हालांकि, बाद में मंगलवार शाम को ही इस रूट के लिए परमिट जारी कर दिया गया।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

दिल्ली-लेह बस सेवा सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यटकों के लिए भी बहुत जरूरी मानी जाती है। गर्मियों के मौसम में इस रूट पर सफर करने वालों की संख्या काफी बढ़ जाती है। अब जब यह सेवा दोबारा शुरू हो गई है, तो यात्रियों को मनाली या चंडीगढ़ जाकर ट्रांजिट लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें सीधे दिल्ली से लेह तक सस्ती और आरामदायक बस सेवा का फायदा मिलेगा।

बस की समय-सारिणी (Time Table):

दिल्ली ISBT से रवाना: दोपहर 12:10 बजे

चंडीगढ़-43 से: शाम 6:10 बजे

मनाली से: रात 2:30 बजे

केलांग से: सुबह 5:00 बजे

लेह पहुंचने का समय: रात 8:00 बजे (अगले दिन)

वापसी का समय:

लेह से रवाना: सुबह 4:00 बजे

केलांग से: शाम 6:30 बजे

मनाली से: रात 9:00 बजे

चंडीगढ़-17 पहुंचने का समय: रात 3:30 बजे

दिल्ली ISBT पहुंचने का समय: सुबह 8:30 बजे

दिल्ली से लेह तक का किराया: ₹1850

दिल्ली से लेह तक का सफर इन रास्तों से होकर

यह बस सेवा दिल्ली से चलकर चंडीगढ़, मंडी, कुल्लू, मनाली, अटल टनल रोहतांग, केलांग, ज़िंगज़िंगबार, बारालाचा ला, सरचू, नकीला, लाचुंगला, पांग, तंगलंगला, उप्शी, कारू होते हुए लेह पहुंचती है।

इस रूट में चार ऊंचे पहाड़ी दर्रे आते हैं:

बारालाचा ला – 4,890 मीटर

नकीला पास – 4,739 मीटर

लाचुंग ला – 5,059 मीटर

तंगलंग ला – 5,328 मीटर

यह रूट दुनिया के सबसे ऊंचे और चुनौतीपूर्ण रास्तों में गिना जाता है, जो लाहौल, ज़ांस्कर और लद्दाख की खूबसूरत वादियों से होकर गुजरता है।