8वां वेतन आयोग, कब लागू होगा और कितनी बढ़ेगी सैलरी? जानिए पूरी जानकारी

8th Pay Commission: सरकार ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने का रास्ता साफ कर दिया है। जनवरी में ही केंद्र सरकार ने 8वें वेतन आयोग को मंजूरी दे दी थी। अब इससे जुड़ी अहम जानकारी सामने आ गई है। आइए जानते हैं, नया वेतन आयोग कब लागू होगा और सैलरी में कितनी बढ़ोतरी हो सकती है?
8वें वेतन आयोग का क्या मतलब है?
8वां वेतन आयोग केंद्र सरकार द्वारा बनाया जाएगा। इसका मकसद सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और भत्तों की फिर से समीक्षा करना है। इसमें यह देखा जाएगा कि कर्मचारियों की जरूरतें क्या हैं और उसी के हिसाब से सैलरी और भत्तों में बदलाव किया जाएगा। इसलिए यह आयोग कर्मचारियों के लिए बहुत जरूरी है।
सैलरी क्यों बढ़ाई जा रही है?
अब सैलरी में थोड़ी बढ़ोतरी महंगाई भत्ते (DA) से भी हो रही है। लेकिन 7वां वेतन आयोग करीब 10 साल पहले लागू हुआ था। उस समय की जरूरतें आज से काफी अलग थीं। अब समय और हालात बदल गए हैं, इसलिए सैलरी में बदलाव जरूरी हो गया है।
अब तक कितने वेतन आयोग बने हैं?
भारत में हर 10 साल में एक नया वेतन आयोग बनाया जाता है। अब तक कुल 7 वेतन आयोग बन चुके हैं। 7वें वेतन आयोग ने पे मैट्रिक्स और यूनिफॉर्म फिटमेंट फैक्टर जैसी नई चीजों को अपनाया था। सबसे पहला वेतन आयोग 1946 में बना था, जिसमें सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में बदलाव किया गया था।
नया वेतन आयोग कब लागू होगा?
8वां वेतन आयोग आधिकारिक रूप से 1 जनवरी 2026 से लागू किया जाना है। क्योंकि उसी दिन 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल खत्म हो जाएगा और नया वेतन आयोग शुरू होगा।
क्या वेतन आयोग समय पर लागू होगा?
अभी तक 8वें वेतन आयोग का गठन नहीं हुआ है। मई का महीना भी बीत चुका है लेकिन आयोग नहीं बना है। इसलिए ऐसा लग रहा है कि यह तय समय पर लागू नहीं हो पाएगा। इसे अगले वित्त वर्ष में लागू किया जा सकता है। हालांकि, अगर देरी होती है, तो कर्मचारियों को जनवरी 2026 से एरियर (बकाया वेतन) मिल सकता है।
अभी क्या प्रक्रिया चल रही है?
8वें वेतन आयोग को बनाने की प्रक्रिया जारी है। DoPT और NC-JCM की कई बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें आयोग से जुड़ी शर्तों पर चर्चा हुई है। वहीं, वित्त मंत्रालय (DoE) ने आयोग के लिए स्टाफ और अधिकारियों की भर्ती के लिए सर्कुलर भी जारी कर दिए हैं। अब सरकार को आयोग के चेयरमैन और अन्य सदस्यों की नियुक्ति करनी है।
सैलरी कितनी बढ़ सकती है?
अभी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें नहीं आई हैं, इसलिए सैलरी कितनी बढ़ेगी, इस पर कुछ पक्का नहीं कहा जा सकता। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर 51,000 रुपये तक जा सकती है। 7वें वेतन आयोग में भी सैलरी 7,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये की गई थी।
महंगाई भत्ते (DA) का क्या होगा?
8वें वेतन आयोग के लागू होने पर डीए (महंगाई भत्ता) को दोबारा से शुरू किया जाएगा। अभी जो डीए पिछले 10 सालों में बढ़ा है, उसे नए फिटमेंट फैक्टर में जोड़ दिया जाएगा। इसके बाद डीए फिर से जीरो से शुरू होगा। साथ ही, डीए की गणना के लिए बेस ईयर 2016 की जगह 2026 हो सकता है।
फिटमेंट फैक्टर कितना होगा?
फिटमेंट फैक्टर एक ऐसा गुणांक है जिससे सैलरी और पेंशन तय होती है। अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है, लेकिन अनुमान है कि यह 1.90 से लेकर 2.86 तक हो सकता है। यह आयोग की सिफारिशों में अहम भूमिका निभाता है।
पेंशनर्स को क्या फायदा होगा?
जैसे कर्मचारियों की सैलरी बढ़ेगी, वैसे ही पेंशनर्स को भी फायदा मिलेगा। उनकी पेंशन और भत्तों में भी बढ़ोतरी होगी।