ब्‍यूटी पार्लर में सजकर नाले के किनारे करवाई डेस्टिनेशन वेडिंग, आगरा में बनी चर्चा का विषय

UP News : उत्तर प्रदेश के आगरा में ब्यूटी पार्लर से दुल्हन सजकर आई और फिर डेस्टिनेशन वेडिंग नाले पर हुई। इस मौके पर ढोल-नगाड़े बजते रहे। पंडित ने विवाह के मंत्र पढ़े। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन ने हाथ में तख्ती लेकर जन समस्या पर विरोध जताया। तख्ती में लिखा कि सीवर लाइन नहीं तो वोट नहीं।  

 

The Chopal, Agra News : वर्षों से नारकीय जीवन जी रहे नगला कली, रजरई और आसपास की 18 कालोनियों के लोगों ने सरकारी तंत्र और जनप्रतिनिधियों की आंखें खोलने के लिए रविवार को अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय दवा कारोबारी और उनकी पत्नी ने अपनी शादी की 17वीं सालगिरह बदबूदार नाले में मनाई। दवा कारोबारी श्रीभगवान शर्मा और उनकी पत्नी उमा देवी वर-वधू के रूप में बैंड बाजों के साथ पहुंचे और नाले के गंदे पानी में खड़े होकर एक-दूसरे को माला पहनाई। कालोनी के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। 

बताते चलें कि शमसाबाद रोड स्थित नगला कली से रजरई मार्ग पर 12 से अधिक कॉलोनियां हैं। इनके लिए न तो सड़क है और न ही नाली निकासी की सुविधा। गंदा पानी रास्ते पर बहता है। 15 साल से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाकर थकने के बाद गत दिनों क्षेत्रीय लोगों ने चुनाव बहिष्कार का निर्णय लेकर मकान बिकाऊ के पोस्टर चस्पा किए थे।
रविवार को यहां 43 वर्षीय श्रीभगवान शर्मा व उनकी पत्नी उमा सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इसके लिए वेडिंग सेरेमनी (शादी की सालगिरह समारोह) किया। 17 साल पहले इनकी शादी हुई थी। श्रीभगवान ने बताया कि पत्नी ब्यूटी पार्लर से दुल्हन के रूप में सजकर आई। जहां जलभराव है वहां नाले पर जयमाला हुई। इसके बाद वह फूलों से सजी कार पर पत्नी को विदा कराकर ले गए। 

उन्होंने कहा हम न्याय व शांतिप्रिय लोग हैं। बिल्डर, एडीए, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के गैर जिम्मेदार रवैये से तंग आ गए हैं। क्षेत्र में कोई विकास कार्य पिछले 15 वर्ष से नहीं हुआ। सीवर का गंदा पानी रास्तों में भरा है। नालियों की निकासी नहीं हैं। दस हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। कोई सुनवाई नहीं होने पर डेस्टिनेशन वेडिंग कर विरोध दर्ज करा रहे हैं।

लोगों ने क्षेत्रीय विधायक कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, सांसद राजकुमार चाहर और प्रशासन में गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे जनता में रोष है। आए दिन प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं है। इससे आजिज होकर रविवार को क्षेत्र के लोगों ने विरोध का अनूठा तरीका खोजा। उन्होंने एलान कर दिया कि अब जन्मदिन, शादी की सालगिरह आदि नाले में ही मनाएंगे।

Also Read : Haryana News: फरीदाबाद के लोगों के लिए खुशखबरी, अब दुकानों में कर सकेंगे यह काम