हनुमानगढ़ पुलिस का ऑपरेशन चक्रव्यूह: नशा तस्कर की 1 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, हिस्ट्रीशीटर पर 40 गंभीर मामले

 

The Chopal, Hanumangarh: हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹1 करोड़ कीमत की अवैध संपत्ति फ्रीज की है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, लखूवाली निवासी हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर इरफान खान उर्फ फान द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित की गई संपत्ति की पहचान की गई थी। कार्रवाई के दौरान उसके करीब ₹1 करोड़ मूल्य के रिहायशी मकान को फ्रीज किया गया।

सीओ सिटी मीनाक्षी के नेतृत्व में पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन के थानाधिकारी लखवीर सिंह और पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इरफान खान उर्फ फान के खिलाफ NDPS एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर प्रकृति के करीब 40 प्रकरण दर्ज हैं।

हनुमानगढ़ पुलिस ने कहा कि “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित किया जा रहा है। NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत ऐसी संपत्तियों को फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।