NCR में UP के कुल कितने जिले आते हैं, अधिकत्तर लोगों को नहीं है सही जानकारी

उत्तर प्रदेश भारत में सबसे अधिक जिले वाला राज्य है। वहीं, साल 2011 की जनगणना के मुताबिक, भारत का यह राज्य सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य भी है, जो कि उस समय 16 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी। धार्मिक, सांस्कृतिक, एतिहासिक और अनूठी परंपराओं का घर यह राज्य उत्तर भारत के प्रमुख राज्यों में से एक है। आपने NCR के बारे में जरूर सुना या पढ़ा होगा, जिसमें अलग-अलग राज्यों से अलग-अलग जिले आते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि इसमें उत्तर प्रदेश के कितने जिले आते हैं और वे कौन-से जिले हैं।
 

भारत के उत्तर में जब भी सांस्कृतिक विरासत, अनूठी परंपराओं और समृद्ध इतिहास की बात होती है, तो इसमें सबसे पहले उत्तर प्रदेश का नाम आता है। धर्म और कर्म के केंद्र के रूप में मशहूर यह राज्य अपनी विविवधताओं के लिए दुनियाभर में जाना जाता है।

यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक इस राज्य में पर्यटन के लिए पहुंचते हैं। यह बात हम सभी जानते हैं कि दिल्ली से सटे NCR में अलग-अलग राज्यों के अलग-अलग जिले आते हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के भी कुछ जिले भी आते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि एनसीआर में आने वाले उत्तर प्रदेश के कौन-से जिले हैं। यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे। 

उत्तर प्रदेश का परिचय

उत्तर प्रदेश को 1836 में उत्तर-पश्चिम प्रांत के नाम से जाना जाता था, जो कि बाद में 1877 में उत्तर-पश्चिम आगरा एवं अवध प्रांत के नाम से जाना जाने लगा। इसके बाद 1902 से इसक नाम संयुक्त प्रांत आगरा एवं अवध हो गया। वहीं, 1937 में इसका नाम सिर्फ संयुक्त प्रांत हुआ। देश को आजादी मिलने के बाद इस राज्य का नाम बदलकर अंतिम में 24 जनवरी, 1950 को उत्तर प्रदेश कर दिया गया।

भारत का यह राज्य सबसे अधिक जिले वाला राज्य है, जिनकी कुल संख्या 75 है। ये सभी जिले 18 मंडल में आते हैं। 

क्या होता है NCR

सबसे पहले हम यह जान लेते हैं कि आखिर NCR क्या होता है, तो जैसे कि हम जानते हैं कि इसकी फुल फॉर्म National Capital Region यानि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र है। इसमें दिल्ली व इसके पड़ोसी राज्यों के जिलों को भी शामिल किया गया है, जिसमें शहरी और ग्रामिण, दोनों ही क्षेत्र शामिल हैं।

इसके साथ ही इसमें अरावली पर्वत श्रेणी का कुछ भाग, जंगल, वन्यजीव अभयारण्य और पक्षी अभयारण्य के साथ-साथ पारिस्थितिकी रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके कुल शहरी क्षेत्र की बात करें, तो वह केवल 62.6 फीसदी है।

NCR में आने वाले उत्तर प्रदेश के जिले 

मेरठ

उत्तर प्रदेश का मेरठ जिला एनसीआर में आता है। प्रदेश का यह जिला खेल उत्पादों के लिए देशभर में जाना जाता है। यहां प्रमुख रूप से क्रिकेट का सामान भी तैयार किया जाता है। 

गाजियाबाद

गाजियाबाद जिले को उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है। यह जिला घनी आबादी के साथ-साथ इंजीनियरिंग वर्क के लिए भी जाना जाता है। 

गौतमबुद्ध नगर

गौतमबुद्ध नगर जिला उत्तर प्रदेश का सबसे साक्षर जिला है। इसके साथ ही यह जिला रेडिमेड गार्मेंट के लिए भी जाना जाता है।

बुलंदशहर

उत्तर प्रदेश का बुलंदशहर जिला अपने यहां के चीनी मिट्टी के बर्तनों के लिए जाना जाता है। 

हापुड़

प्रदेश का हापुड़ जिला एनसीआर में आता है, जो कि पावरलूम सिटी के नाम से भी जाना जाता है। यहां की चादरें प्रसिद्ध हैं।

बागपत

प्रदेश का बागपत जिला भी हैंडलूम उत्पादों के लिए जाना जाता है। यहां प्रमुख रूप से पर्दे व तौलियों का उत्पादन किया जाता है। 

मुजफ्फरनगर

उत्तर प्रदेश का मुजफ्फरनगर जिला प्रमुख रूप से गुड़ के लिए जाना जाता है। यहां आसपास गन्ने की अच्छी पैदावार है। ऐसे में यहां चीनी की मिले भी मौजूद हैं।