MP के इन शहरों में नहीं बिकेगी शराब! सीएम मोहन यादव की घोषणा, जानिए क्या है सरकार की तैयारी

Liquor Ban In MP : बिहार-यूपी के बाद अब मध्य प्रदेश में शराबबंदी लागू हो सकती है। सीएम मोहन यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि धार्मिक शहरों में इस नियम को लाया जाएगा। इन जगहों पर शराबबंदी करने का फैसला लागू करने पर विचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि संतों की मांग के बाद शराबबंदी पर काम तेजी से हो रहा है। जानिए कोन से जिले में होगी शराब बंद...

 

MP News : बिहार और यूपी के बाद अब मध्य प्रदेश में भी शराबबंदी लागू हो सकती है। इस बात का ऐलान खुद सीएम मोहन यादव ने किया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां धार्मिक स्थल हैं, वहां शराबबंदी करने का फैसला लागू करने पर विचार हो रहा है। जल्द ही इस पर ठोस कदम उठाया जाएगा। उन्होंने बताया की धार्मिक नगरों का वातावरण प्रभावित होने की शिकायतें आती रहती हैं। जिस वजह से सरकार की कोशिश है कि धार्मिक नगरों की पवित्रता बनी रहे। प्रदेश सरकार फैसले को लागू करने को लेकर इस दिशा में कदम उठाएगी। अगर यह फैसला अमल में लाया गया तो उज्जैन समेत मध्य प्रदेश के 17 धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू हो जाएगी। यानी इन धार्मिक शहरों में शराब नहीं बिकेगी।

सीएम बोले- संतों ने की है मांग

सीएम मोहन यादव ने कहा कि हम जल्द ही शराबबंदी की घोषणा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पर काम शुरू हो गया है और शराब नीति में बदलाव किया जाएगा, क्योंकि बजट सत्र भी नजदीक है। सीएम ने कहा कि संतों ने इस बात का अनुरोध किया था, जिसके बाद शराबबंदी का काम तेजी से चल रहा है। 

शराबबंदी पर सरकार गंभीर

सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार शराबबंदी को लेकर काफी गंभीर है। जहां भी धार्मिक स्थल हैं वहां इसे लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल धार्मिक क्षेत्रों और मंदिर क्षेत्रों के बाहर वाले शहरों में ही शराब बेची जा सकेगी।

सीएम ने कहा, ‘सरकार धार्मिक नगरों में शराबबंदी को लेकर आबकारी नीति में संशोधन करने पर विचार कर रही है। एक 1 अप्रैल से शुरू होने वाले वित्तीय वर्ष में इस नीति को अमल में लाया जा सकता है।’

इन 17 धार्मिक नगरों में होगी शराबबंदी

उज्जैन समेत प्रदेश के 17 धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू किए जाने की बात सामने आ रही है। इन संभावित धार्मिक नगरों में अमरकंटक, महेश्वर, ओरछा (रामराजा मंदिर), ओंकारेश्वर, मंडला (नर्मादाघाट), मुलताई (ताप्ती नदी), दतिया (पीतांबरा देवीपीठ), जबलपुर (नर्मदा घाट), चित्रकूट (रामघाट), मैहर (शारदा मंदिर), सलकनपुर (बिजासन मंदिर), मंडलेश्वर (नर्मदा घाट), मंदसौर (पशुपतिनाथ मंदिर), बरमान और पन्ना (जुगल किशोर मंदिर) के नाम शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में भी प्रदेश के 17 शहरों को पवित्र नगर घोषित करके यहां कई प्रतिबंध लगाए जाने थे लेकिन आदेश पर अमल नहीं हो पाया।

क्षिप्रा नदी को किया जाएगा शुद्ध और प्रदूषण मुक्त

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बीते दिनों पहले बहुप्रतीक्षित कान्ह क्लोज डक्ट डायवर्जन परियोजना का निरीक्षण किया। यह परियोजना क्षिप्रा नदी को शुद्ध और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने बामोरा गांव स्थित 32 मीटर गहरे शाफ्ट-3 की टनल में उतरकर कार्य का मुआयना किया। डॉ। यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके तहत कान्ह नदी का दूषित जल क्षिप्रा के किनारे तक नहीं पहुंचेगा। यह पानी गंभीर नदी के डाउनस्ट्रीम तक शुद्ध होकर जाएगा, जिससे न केवल क्षिप्रा स्वच्छ होगी, बल्कि किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा।