Maha Kumbh: उम्र 57 साल, हाईट 3 फीट, 30 साल से नहीं किया स्नान, सुर्खियों में छाए छोटू बाबा

Mahakumbh 2025 Chhotu Baba Story : प्रयागराज में होने जा रहे महाकुंभ में छोटू बाबा भी पहुंच गए हैं। करीब 3 फीट 8 इंच की ऊंचाई वाले छोटू बाबा का कहना है कि उन्होंने 30 साल से कोई स्नान नहीं किया है। उन्होंने इसकी वजह भी बताई है। 

 

Chhotu Baba in Prayagraj Mahakumbh 2025 :  उत्तर प्रदेश के प्रयागराज महाकुंभ मेला में साधु-संतों का आना शुरू हो गया है। महाकुंभ को लेकर हजारों की संख्या में नागा सन्यासी अपनी छावनियों लेकर दाखिल हुए हैं। धुनी रमा रहे हैं। जप-तप और साधना में जुट गए हैं। इन साधु-संतों के बीच गंगापुरी महाराज आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। 3 फीट की हाइट और 32 साल से बिना स्नान के रहने की कहानी चर्चा में है। उन्हें टाइनी बाबा भी कहा जाता है। उनकी 3 फीट की हाइट और अनोखी जीवनशैली के कारण श्रद्धालु उनके आसपास जुट रहे हैं।

महज 3 फुट और 8 इंच है ऊंचाई

असम की कामाख्या पीठ से आए 57 साल के गंगापुरी महाराज महज 3 फुट और 8 इंच के हैं। जिसकी वजह से श्रद्धालु उन्हें  'छोटू बाबा' के नाम से भी जानते हैं। बाबा की एक खासियत और है। उनका दावा है कि वे 30 सालों से नहाए नहीं हैं। पूछने पर बाबा बताते हैं कि उन्होंने एक संकल्प ले रखा है। जब तक वह संकल्प पूरा नहीं होता, वे स्नान नहीं करेंगे। पूछने पर भी वे उस संकल्प के बारे में नहीं बताते। हालांकि इतना जरूर कहते हैं कि संकल्प पूरा होने पर वे सबसे पहले उज्जैन से होकर गुजरने वाली क्षिप्रा नदी में स्नान करेंगे। 

क्या महाकुंभ में स्नान करेंगे छोटू बाबा?

क्या गंगापुरी महाराज कुंभ में डुबकी लगाएंगे। इस पर वे ना की मुद्रा में सिर हिलाकर इनकार करते हैं। उनका कहना है कि वे महाकुंभ में आध्यात्म की धूनी रमाकर साधना करेंगे और मां गंगा-यमुना के संगम को निहारेंगे लेकिन संकल्प की वजह से स्नान नहीं करेंगे। उन्होंने संगम के पास ही अपना छोटा सा कैंप भी लगा लिया है। 

जूना अखाड़े की कामाख्या पीठ से संबंध

छोटू बाबा कहते हैं कि तन की शुद्धता से ज्यादा जरूरी मन की शुद्धता है। जब तक आप आंतरिक रूप से शुद्ध नहीं होंगे, तब तक बाहरी काया को चमकाने का कोई फायदा नहीं है। पहली बार प्रयागराज आए छोटू बाबा जूना अखाड़े के नागा संत हैं। वे जूना अखाड़े की नागा पीठ से जुड़े हुए हैं। वे लोकप्रिय संत हैं। जब वे सड़क से गुजरते हैं तो उनके दर्शनों और साथ में फोटो खिंचवाने के लिए लोगों की भीड़ लग जाती है। महाकुंभ में भी यही हाल हो रहा है। इसी वजह से शिविर में एकांतवास में रहकर साधना करने में लगे हैं।