Delhi NCR के इस शहर से अलीगढ़ यात्रा होगी अब आसान, बनाया जाएगा फोरलेन पुल

UP News : फरीदाबाद के साथ-साथ पलवल में भी यमुना के जरिए यूपी के सीमावर्ती शहर अलीगढ़ से संपर्क मजबूत किया जा रहा है। एनएचएआई यमुना पर दो लेन के पुल को चार लेन बनाने जा रहा है। आचार संहिता लागू होने पहले ही इसका टेंडर लगाया जा चुका है।
 
Delhi NCR के इस शहर से अलीगढ़ यात्रा होगी अब आसान, बनाया जाएगा फोरलेन पुल

The Chopal, UP News : फरीदाबाद के साथ-साथ पलवल में भी यमुना के जरिए यूपी के सीमावर्ती शहर अलीगढ़ से संपर्क मजबूत किया जा रहा है। एनएचएआई यमुना पर दो लेन के पुल को चार लेन बनाने जा रहा है। आचार संहिता लागू होने पहले ही इसका टेंडर लगाया जा चुका है। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद इस कार्ययोजना में तेजी आएगी। यमुना नदी पर रहीमपुर गांव के पास बना यह दो लेन पुल काफी समय से जर्जर है। इससे लोगों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। 

राहगीर इस पुल की मरम्मत की लंबे समय से मांग करते आ रहे हैं। अब एनएचएआई प्रबंधन अलीगढ़-पलवल सड़क को कुराना से लेकर केजीपी एक्सप्रेसवे से जोड़ते हुए चार लेन सड़क बनाने जा रहा है। इसी परियोजना के तहत यमुना नदी पर चार लेन पुल बनाया जाएगा। यह पुल करीब 576 मीटर लंबा होगा। इस परियोजना के तहत करीब 46.39 किलोमीटर लंबा चार लेन एक्सप्रेसवे भी बनाया जाना है। 

यमुना नदी पर पुल और कुराना से केजीपी एक्सप्रेसवे से जोड़ने पर लगभग 650 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा। इस एक्सप्रेसवे से गुजरने के लिए वाहन चालकों को टोल टैक्स भी देना होगा। चुनाव के बाद इस परियोजना को पंख लगेंगे। पलवल और फरीदाबाद में हजारों की संख्या में अलीगढ़ के लोग रहते हैं। इन लोगों का हर रोज अलीगढ़ आना-जाना लगा रहता है। पुल के जर्जर होने से लोग परेशान हैं। बल्लभगढ़ के आजाद नगर निवासी कमलेश ने बताया कि मेरा हर महीने अलीगढ़ आना-जाना लगा रहता है।

ग्रेटर नोएडा आना-जाना आसान होगा

लोक निर्माण विभाग ने मंझावली गांव के पास यमुना नदी पर पुल बनाया है। आने वाले दिनों में यहां से ग्रेटर नोएडा आना-जाना आसान होगा। इसी तरह भविष्य में लालपुर गांव के पास यमुना नदी पर नोएडा जाने के लिए पुल बनाया जाएगा। यह पुल एफएनजी (फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद) एक्सप्रेसवे परियोजना का हिस्सा है। इस परियोजना का फरीदाबाद की सीमा में काम शुरू नहीं हुआ है। यहां डीपीआर तक ही काम सीमित है। जबकि नोएडा में इस परियोजना का काम चल रहा है। आने वाले दिनों में इस परियोजना का काम एनएचएआई आने हाथ में ले सकता है।