UP : रोडवेज बसों में लगाए जाएंगे ये खास बटन, लोगों को मिल सकेगी सही लोकेशन की जानकारी

नोएडा के लोगों को रोडवेज बसों के बारे में अब सारी जानकारी मोबाइल पर मिल सकेगी। कौन सी बस किस समय कहां पर मूव कर रही है। कौन सी बस लोकेशन से कितनी दूर है, इसका पता लोगों को लग सकेगा। सरकार के आदेश पर बसों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाने का निर्णय लिया गया है।
 

UP News : उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में विभिन्न रूट पर चल रही यूपी रोडवेज की बसों के संचालन को लेकर एक खास पहल की गई है। शासन की तरफ से रोडवेज़ की बसों में वीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे। इससे लोगों को रोडवेज की बसों सही लोकेशन की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही पैनिक बटन लगाने से महिला सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा। नोएडा और ग्रेनो डिपो में मौजूद सभी बसों में अगले सप्ताह से ये काम शुरू हो जाएगा। नोएडा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि नोएडा डिपो से कई रूटों पर करीब 180 बस चल रही हैं जबकि, ग्रेनो डिपो से 26 रूटों पर 120 से अधिक बसों का संचालन होता है।

एनपी सिंह ने बताया कि शासन की तरफ से बसों की सही लोकेशन की जानकारी के लिए वीकल ट्रैकिंग डिवाइस लगाने के आदेश आए हैं। जिससे यात्रियों को बसों की लोकेशन की जानकारी मिल जाएगी। इससे मुख्यालय से इनकी निगरानी हो सकेगी। निर्भया योजना के तहत रोडवेज के बस स्टेशनों पर एलईडी डिस्प्ले पैनल और अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाए जाएंगे। आने-जाने वाली बसों की जानकारी डिस्प्ले स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएंगी।

बस में 12 पैनिक बटन लगाए जाएंगे

एनपी सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासन के आदेश पर रोडवेज की बस में एक सीट छोड़कर पैनिक बटन लगाए जाएंगे। पूरी बस में 12 पैनिक बटन लगेंगे। पैनिक बटन से किसी भी आपात स्थिति से बचने में लोगों को सहायता मिलेगी। पैनिक बटन दबाते ही 112, नजदीकी आरएम ऑफिस, परिवहन निगम मुख्यालय और पुलिस को तत्काल सूचना मिलेगी।