Property rate: सस्ता होगा घर खरीदना, प्रॉपर्टी की कीमतों में गिरावट, बिक्री में 19% की कमी

property tips: भले ही रियल एस्टेट बाजार में तेजी दिख रही हो, लेकिन घरों की बिक्री में 19 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। ऐसे में अब उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में लोगों के पास अपने खुद के घर खरीदने का अच्छा मौका हो सकता है। वजह यह है कि आने वाले दिनों में घरों की कीमतें कम हो सकती हैं। ऐसे में जो लोग लंबे समय से घर खरीदने की योजना बना रहे थे, उनके लिए यह समय फायदेमंद हो सकता है।
कितनी घटी घरों की बिक्री?
देश के 9 बड़े शहरों में घरों की बिक्री में भारी गिरावट देखी गई है। बताया जा रहा है कि अप्रैल से जून की तिमाही में घरों की बिक्री करीब 19 प्रतिशत घटकर 94,864 यूनिट रहने की संभावना है। इसकी वजह कमजोर मांग को माना जा रहा है। यह जानकारी रियल एस्टेट डेटा एनालिसिस कंपनी 'प्रॉपइक्विटी' की रिपोर्ट में दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल इसी तिमाही में 1,16,432 घर बिके थे, लेकिन इस साल यह संख्या घट गई है।
बिक्री और आपूर्ति दोनों में गिरावट
प्रॉपइक्विटी के सीईओ का कहना है कि 2021 की तीसरी तिमाही के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब घरों की बिक्री 1 लाख से कम हुई है। सिर्फ बिक्री ही नहीं, बल्कि नए घरों की आपूर्ति में भी लगातार गिरावट दर्ज की गई है। इस तिमाही में नई प्रॉपर्टी की सप्लाई भी 30 प्रतिशत घटकर 82,027 यूनिट रह गई है, जबकि पिछले साल इसी समय ये आंकड़ा 1,17,208 यूनिट था।
किन शहरों में घटी घरों की बिक्री?
आंकड़ों के मुताबिक इस साल अप्रैल से जून के बीच कई बड़े शहरों में घरों की बिक्री में कमी आई है। बेंगलुरु में घरों की बिक्री में 6 प्रतिशत की गिरावट हुई है। पिछले साल इसी समय 15,582 घर बिके थे, लेकिन इस बार यह संख्या घटकर 14,676 रह गई है। हैदराबाद में हालात और भी खराब रहे। यहां घरों की बिक्री में 20 प्रतिशत की गिरावट आई है। पिछले साल अप्रैल-जून के बीच 14,704 घर बिके थे, जबकि इस बार सिर्फ 11,815 घरों की बिक्री होने का अनुमान है।
मुंबई समेत कई शहरों में गिरी घरों की बिक्री
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में घरों की बिक्री में बड़ी गिरावट देखी गई है। पिछले साल अप्रैल-जून में जहां 12,114 घर बिके थे, वहीं इस बार यह संख्या 34% घटकर 8,006 पर आ सकती है। नवी मुंबई में भी बिक्री में 17% की गिरावट आई है। यहां पिछले साल 8,224 घर बिके थे, लेकिन इस बार यह संख्या 6,833 तक रह सकती है।
इन शहरों में 25% से ज्यादा गिरी बिक्री
ठाणे में घरों की बिक्री 34% कम हो सकती है। पिछले साल 22,512 घर बिके थे, लेकिन इस बार यह संख्या 14,832 पर आ सकती है। पुणे में भी बिक्री 27% घटकर 17,196 रहने के आसार हैं, जबकि पिछले साल इसी दौरान 23,429 घर बिके थे। कोलकाता में थोड़ी कम गिरावट देखने को मिली है। यहां घरों की बिक्री 8% घटकर 4,449 हो सकती है, जो पिछले साल 4,826 थी।
दिल्ली-एनसीआर और चेन्नई में दिख रही उम्मीद
जहां बाकी शहरों में गिरावट देखी जा रही है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में घरों की बिक्री 16% बढ़कर 11,703 तक पहुंच सकती है। चेन्नई के आवासीय बाजार में भी हल्की बढ़त की उम्मीद की जा रही है।
चेन्नई में बढ़ी घरों की बिक्री
अप्रैल से जून 2025 के बीच चेन्नई में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी यानी घरों की बिक्री में 9% की बढ़त देखी गई है। इस दौरान करीब 5,354 घर बिके, जबकि पिछले साल इसी समय पर यह संख्या 4,927 थी। इसका मतलब है कि चेन्नई में लोगों की तरफ से घर खरीदने में रुचि थोड़ी बढ़ी है।