Haryana News : हरियाणा के इस जिले में बढ़ी प्रोपर्टी की कीमत, प्लॉट खरीदने के लिए लोग उत्सुक
हरियाणा में सरकार की तरफ से कई शहरों में नए सेक्टरों का प्रस्ताव रखा गया है। ऐसे में इस जिले में भी नए सेक्टरों की ओर लोग रूख करते नजर आ रहे हैं। लोगों को प्रोपर्टी की कीमतों में इजाफा देखने को मिल रहा है। प्रदेशभर में सरकार की तरफ से नए सेक्टर विकसित किए जाने हैं।
फरीदाबाद जिले में बढ़े प्रोपर्टी के रेट
हरियाणा का फरीदाबाद जिला प्रोपर्टी की बढ़ती कीमतों को लेकर चर्चा में है। यह हरियाणा का ही नहीं, दिल्ली एनसीआर का भी अहम शहर है। यह शहर एक बार फिर विकास के मामले में रफ्तार पकड़ता दिखाई दे रहा है। फरीदाबाद के सेक्टर-123 इन दिनों निवेशकों और घर खरीदने वालों के बीच तेजी से चर्चा में है। शहर में लगातार बढ़ रहे विकास कार्यों और प्रॉपर्टी की बढ़ती कीमतों के बीच लोग नए विकसित हो रहे सेक्टरों की ओर रुख कर रहे हैं। दयालपुर और फफूंद गांव के पास विकसित हो रहा सेक्टर-123 भविष्य में फरीदाबाद के प्रमुख रिहायशी क्षेत्रों में शामिल हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सेक्टर-123 को पूरी तरह रेजिडेंशियल सेक्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके आसपास कमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल सेक्टर भी प्रस्तावित हैं। फिलहाल यहां आवासीय विकास पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। एक निजी डेवलपर द्वारा करीब 25 एकड़ भूमि पर एनआईएलपी (NILP) प्रोजेक्ट शुरू किए जाने के बाद इस क्षेत्र में लोगों की रुचि काफी बढ़ी है। इसके अलावा भी कई जिलों में प्रोपर्टी की कीमत पिछले सालों से लगातार बढ़ती आ रही है।
1 लाख रुपए प्रति गज तक पहुंचे प्लॉट के दाम
बता दें कि फरीदाबाद में प्रोपर्टी की कीमत काफी बढ़ रही है। सेक्टर-123 में तो 200 से 350 गज तक के प्लॉट उपलब्ध हैं। क्षेत्र में बढ़ती मांग और आसपास विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते प्लॉट की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में यहां जमीन का रेट करीब 1 लाख रुपए प्रति गज तक पहुंच चुका है। कुछ वर्ष पहले तक यहां निवेशकों की रुचि सीमित थी, लेकिन अब यह क्षेत्र निवेश और आवास निर्माण दोनों के लिए पसंदीदा विकल्प बनता जा रहा है।
कनेक्टिविटी बना रही आकर्षण का केंद्र
फरीदाबाद की सबसे बड़ी खासियत इसकी बेहतर कनेक्टिविटी मानी जा रही है। यहां से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच आसान है। इसके अलावा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे क्षेत्र के नजदीक है, जबकि मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेसवे से भी अच्छी कनेक्टिविटी मिलती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के साथ क्षेत्र की प्रॉपर्टी वैल्यू में और बढ़ोतरी हो सकती है।
व्यावसायिक गतिविधियों का होगा विस्तार
फिलहाल सेक्टर-123 में बड़ी कमर्शियल मार्केट विकसित नहीं हुई है, लेकिन आबादी बढ़ने के साथ यहां व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की संभावना है। आमतौर पर बड़े आवासीय प्रोजेक्ट्स के साथ कमर्शियल स्पेस भी विकसित किया जाता है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की सुविधाएं आसपास ही उपलब्ध हो सकें। बच्चों की शिक्षा को लेकर भी क्षेत्र में रहने वालों को अधिक परेशानी नहीं होगी। सेक्टर-123 से करीब 4 किलोमीटर दूर दयालपुर गांव में सरकारी और निजी दोनों प्रकार के स्कूल मौजूद हैं। ऐसे में स्थानीय निवासियों को बुनियादी शैक्षणिक सुविधाएं आसानी से मिल सकती हैं।
भविष्य को ध्यान में रखकर लोग खरीद रहे प्लॉट
फिलहाल सेक्टर-123 विकास के शुरुआती चरण में है, लेकिन फरीदाबाद में तेजी से आगे बढ़ रही इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को देखते हुए यह क्षेत्र भविष्य में निवेश और आवास दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण विकल्प बन सकता है। इसी संभावना को देखते हुए लोग अभी से यहां प्लॉट खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

