सोनिया गांधी की तबीयत फिर बिगड़ी, गंगा राम अस्पताल में चल रहा इलाज

Sonia Gandhi Admitted: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की तबीयत फिर से खराब हो गई है। उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले भी कुछ दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। इलाज के बाद तब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
अस्पताल ने दी जानकारी
सर गंगा राम अस्पताल की तरफ से बताया गया है कि सोनिया गांधी को पेट से जुड़ी परेशानी के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें गैस्ट्रो विभाग में रखा गया है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
शिमला में क्यों हुई थी सेहत की जांच?
7 जून को सोनिया गांधी की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। तब डॉक्टरों ने कहा था कि यह सिर्फ एक नियमित जांच थी।
उस वक्त हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल ने बताया था कि सोनिया गांधी को हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत हुई थी, इसलिए उन्हें शिमला के अस्पताल में जांच के लिए लाया गया था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सोनिया गांधी की तबीयत बिल्कुल ठीक है और यह सिर्फ एक सामान्य जांच थी, घबराने की कोई बात नहीं है।
बता दें कि सोनिया गांधी की उम्र 78 साल है और वह कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष हैं। वह कई सालों तक कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष भी रही हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मां हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसा माना जाता है कि 2004 में जब यूपीए की सरकार बनी थी, तब उन्हें प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने यह पद लेने से मना कर दिया और मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया। भले ही अब वह सक्रिय राजनीति में कम नजर आती हैं, लेकिन पार्टी के लिए रणनीति बनाने और सलाह देने में उनकी भूमिका बनी हुई है।