The Chopal

सिरसा में धान बेच चुके 4,063 किसानों के 84 करोड़ रुपए अटके, अब भुगतान का कर रहे इंतजार

   Follow Us On   follow Us on
सिरसा में धान बेच चुके 4,063 किसानों के 84 करोड़ रुपए अटके, अब भुगतान का कर रहे इंतजार

 

Sirsa News: मंडियों में धान बेचने के बाद अब किसानों को अपनी फसल ली पेमेंट के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। जिले की 37 मंडियों में धान बेच चुके 4,063 किसानों का भुगतान अभी तक अटका हुआ है। औसत भुगतान के आधार पर इन किसानों की खरीदी गई धान की करीब 84 करोड़ रुपए की राशि बकाया होने का अनुमान है। यह अनुमानित राशि है। अब तक 33,012 किसानों को 582.59 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

बुधवार को करीब 1,300 किसानों के खातों में 21.63 करोड़ रुपए पहुंचे, लेकिन बड़ी संख्या में किसान अभी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। जिले की मंडियों में अब तक 48,689 किसान 37.70 लाख क्विंटल पीआर धान लेकर पहुंच चुके हैं। इनमें से 37,075 किसानों की 31.40 लाख क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। किसानों के लिए भुगतान में देरी इसलिए भी परेशानी बढ़ा रही है, क्योंकि धान की बिक्री से मिलने वाली रकम से उन्हें अगली फसल के लिए खाद-बीज, डीजल, मजदूरी और घरेलू खर्च पूरे करने होते हैं।

भुगतान अटकने से अगली फसल की तैयारी पर असर

किसानों का कहना है कि फसल बेचने के बाद समय पर भुगतान मिलना जरूरी है। रकम खाते में नहीं पहुंचने से उन्हें अगली फसल की तैयारी के लिए दूसरे स्रोतों से पैसे का इंतजाम करना पड़ता है। खाद, बीज और डीजल के खर्च के साथ मजदूरी का भुगतान भी प्रभावित होता है। ऐसे में बकाया भुगतान जल्द जारी करने की जरूरत है।

हैफेड ने किसानों से खरीदा सबसे ज्यादा धान

जिले में तीन खरीद एजेंसियों ने अब तक कुल 40,199 किसानों से 34.33 लाख क्विंटल धान खरीदा है। इसमें हैफेड सबसे आगे है। एजेंसी ने 20,366 किसानों से 17.33 लाख क्विंटल धान खरीदा है। खाद्य आपूर्ति विभाग ने 11,095 किसानों से 9.78 लाख क्विंटल और हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन ने 8,738 किसानों से 7.22 लाख क्विंटल धान की खरीद की है।