डबवाली मंडी में 97 हजार क्विंटल धान बिना खरीद पड़ा, जिले में आंकड़ा 2.19 लाख क्विंटल के पार
Dabwali: डबवाली में धान की आवक और खरीद जारी है. लेकिन मंडियों में फसल की खरीद और उठान के बीच अंतर किसानों की परेशानी बढ़ा सकता है. 26 अक्टूबर तक डबवाली क्षेत्र की मंडियों में 6,84,760 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई. इसमें से 4,65,599 क्विंटल की खरीद हुई. जबकि 3 लाख 19 हजार 869 क्विंटल धान का उठान किया गया. सरकारी आंकड़ों के अनुसार अभी 2,19,161 क्विंटल धान खरीद के इंतजार में मंडियों में पड़ा है.
शहर की अनाज मंडी के ए और बी ब्लॉक में आवक 2,92,688 क्विंटल रही. यहां 1,95,420 क्विंटल धान खरीदा गया और 1 लाख 32 हजार 88 क्विंटल का उठान हुआ है. इसके बावजूद 97 हजार 268 क्विंटल धान की खरीद बाकी है. यानी जिले की मंडियों में खरीद के इंतजार में पड़े धान का बड़ा हिस्सा शहर की अनाज मंडी में ही है.
ग्रामीण मंडियों में भी तेजी से खरीद का इंतजार
ग्रामीण मंडियों में धान की आवक और खरीद के बीच अंतर बना हुआ है जंडवाला बिश्नोईया में 53,161 क्विंटल धान आवक में से 35,565 क्विंटल धान की खरीद हुई. हैबुआना में 32,866 क्विंटल आवक के मुकाबले 15,091 कुंटल धान की खरीद हुई. देसूजोधा में 55,675 क्विंटल आवक में से 39,619 क्विंटल की खरीद और 32820 क्विंटल का उठान हुआ. मौजगढ़ में 46,660 क्विंटल आवक और 35689 क्विंटल खरीद दर्ज की गई है.
लोहगढ़ में 44,454 क्विंटल आवक में से 36,185 क्विंटल की खरीद हुई. चट्ठा में 28,714 क्विंटल आवक और 20,087 क्विंटल खरीद हुई. चौटाला में 13,856 क्विंटल आवक में से 10,950 क्विंटल और कालुआना में 22,305 क्विंटल आवक में से 15,383 क्विंटल धान खरीदा गया. कई मंडियों में हजारों क्विंटल धान खरीद के इंतजार में है.
