The Chopal

200 वर्ष पहले बसा सिरसा जिले का गांव धिंगतानिया वीरों की भूमि, गौरव पट्ट पर दर्ज 6 सेवानिवृत्त और 6 सेवारत सैनिकों के नाम

   Follow Us On   follow Us on
200 वर्ष पहले बसा सिरसा जिले का गांव धिंगतानिया वीरों की भूमि, गौरव पट्ट पर दर्ज 6 सेवानिवृत्त और 6 सेवारत सैनिकों के नाम

 

Dhingtania Village History (Sirsa): सिरसा-जमाल रोड पर जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर बसा गांव धिंगतानिया गौरवशाली इतिहास, सामाजिक भाईचारे और देशसेवा की परंपरा के लिए पहचान रखता है। गांव की मिट्टी ने देश की रक्षा के लिए सैनिक दिए हैं तो सार्वजनिक सुविधाओं के लिए जमीन दान करने वाले दानवीर भी पैदा किए हैं। गांव के गौरव पट्ट पर सेना और बीएसएफ में सेवाएं दे चुके तथा वर्तमान में कार्यरत 12 जवानों के नाम दर्ज हैं।

200 साल बसाया गया गांव

गांव की स्थापना को लेकर दो ऐतिहासिक विवरण प्रचलित हैं। गौरव पट्ट के अनुसार जोरावर सिंह राठौड़ ने करीब 1819 वर्ष पूर्व राजस्थान के बीकानेर क्षेत्र के जनानियां से आकर गांव बसाया था। वहीं सरपंच राकेश न्योल के मुताबिक करीब 200 साल पहले राजपूत और न्योल समुदाय ने मिलकर गांव की नींव रखी थी। दूधाराम न्योल अपने परिवार के साथ राजस्थान के सातड़ा गांव से यहां आकर बसे थे। उस समय बाहरी दखल से गांव की सुरक्षा की जिम्मेदारी राजपूत समाज के पास थी।

गौरव पट्ट पर 6 सेवानिवृत्त और 6 सेवारत जवानों के नाम

गांव के गौरव पट्ट पर 6 सेवानिवृत्त और 6 सेवारत जवानों के नाम दर्ज हैं। इनमें फतेह सिंह नायक, बस्ती राम स्वामी, बगड़ावत गोदारा, आशा राम नायक, नोपा राम नायक, ओम प्रकाश और कृष्ण कुमार सहित अन्य जवान शामिल हैं। सेवारत जवान सेना और सीमा सुरक्षा बल में सेवाएं दे रहे हैं। ठाकर पर्वत सिंह राठौड़ ने ठाकुर जी मंदिर के लिए 13 एकड़ और जोधा सिंह राठौड़ ने जोहड़ के लिए 5 एकड़ जमीन दान की।

इसके अलावा स्कूल, मंदिर, श्मशान भूमि, कुटिया छिरूनाथ जी, हड्डा रोड़ी और सार्वजनिक उपयोग की जमीन भी दान की गई। बिरजी देवी न्योल, चान्दा देवी कुम्हार और प्रताप बाई पत्नी हरि सिंह राठौड़ के परिवारों की ओर से भी 5 एकड़ भूमि दान करने का उल्लेख है।

गांव के धार्मिक स्थल

धार्मिक स्थलों से जुड़ी है गांव की पहचान धिंगतानिया में ठाकुर जी, बाबा रामदेव, बाबा छिरूनाथ और खेजपाल जी के प्राचीन मंदिर श्रद्धा के प्रमुख केंद्र हैं। गांव में चौपाल, खेल स्टेडियम और पक्की गलियां हैं। खेती और पशुपालन प्रमुख व्यवसाय हैं। हालांकि, पेयजल किल्लत, युवाओं में बढ़ता नशा और शिक्षा का स्तर सुधारना बड़ी चुनौतियां हैं। सरपंच राकेश न्यौल ने जलघर में अतिरिक्त वाटर टैंक और सरकारी स्कूल को दसवीं तक अपग्रेड करने की मांग उठाई है।

धिंगतानिया पंचायत का लेखा-जोखा

जनसंख्या 3,200
मतदाता  1850
साक्षरता दर  70%
जिले से दूरी 8 किमी
कनेक्टिविटी सड़क मार्ग
प्रमुख उत्पादन

धान व गेहूं पशुपालन

आय का प्रमुख स्रोत कृषि