The Chopal

सिरसा: वैदवाला में बिजली टावर मुआवजे के लिए अड़े किसान, 13 अगस्त को महापंचायत का ऐलान

   Follow Us On   follow Us on
सिरसा: वैदवाला में बिजली टावर मुआवजे के लिए अड़े किसान, 13 अगस्त को महापंचायत का ऐलान

The Chopal, Sirsa: सिरसा के गांव वैदवाला में बिजली टावरों के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार जोर पकड़ रहा है. किसान पिछले कई दिनों से लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर धरना दे रहे हैं. किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी और जिला प्रशासन के बीच हुई बैठक में भी किसानों की समस्याओं का कोई नतीजा नहीं निकला.

इसके बाद अब किसानों ने 13 अगस्त को डीसी कार्यालय में महापंचायत करने की घोषणा की है. धरने पर सक्रिय बने किसान नेताओं का कहना है कि सरकार उनकी जमीनों का उचित मुआवजा नहीं दे रही. किसानों की मांग है कि उन्हें कलेक्टर रेट से 4 से 5 गुना ज्यादा मुआवजा दिया जाए. किसानों ने आरोप लगाया है कि उनकी जिला प्रशासन के साथ कई बार बातचीत हो चुकी है. परंतु अब तक किसी प्रकार का नतीजा नहीं निकला है.

किसान नेता मैक्स साहूवाला ने बताया की महापंचायत में कई किसान संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचेंगे. साथ ही बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने का अनुमान है. पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नाथवान किसानों के धरने पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया. अन्य कई किसान नेताओं ने कहा कि अगर जिला प्रशासन समय पर किसानों की समस्या का समाधान करता तो आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़ती. जब तक किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता आंदोलन जारी रहेगा.

प्रशासन पर वादा न निभाने का आरोप लगा

किसान नेताओं ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने पहले बातचीत को दौरान बिजली लाइन का काम रोकने को लेकर भरोसा दिया था परंतु बाद में किसानों की समिति के बिना ही कार्य को जारी रखा. उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों की आपत्तियों को प्रशासन ने नजर अंदाज कर दिया. जबकि पहले उचित मुआवजे को लेकर सहमति सुनिश्चित की जानी चाहिए थी.

प्रभावित किसान भूपेंद्र वैदवाला ने कहा कि खेतों के बीच बिजली टावर गुजरने की वजह से जमीन कम होगी. साथ में बाजार मूल्य भी प्रभावित होगा. किसानों ने साफ तौर पर कहा कि अगर उनकी मांग नहीं मानी जाती तो 13 अगस्त की महापंचायत में आंदोलन को तेज करने की रणनीति तय की जाएगी.