Sirsa News: हेड पोस्ट ऑफिस का कचरा डंपिंग पॉइंट हटाकर बनेगा 'आई लव सिरसा' सेल्फी पॉइंट
The Chopal, Sirsa: शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद ने कई डंपिंग पॉइंट हटाने की तैयारियां शुरू कर दी है. पिछले कुछ सालों से हेड पोस्ट ऑफिस के नजदीक कूड़ा डालने के लिए पॉइंट बना हुआ है. जिसकी वजह से सदर बाजार में आने वाले ग्राहकों को बदबू का सामना करना पड़ता है. परंतु अब नगर परिषद इस डंपिंग पॉइंट को हटाकर यहां 'आई लव सिरसा' सेल्फी पॉइंट का निर्माण करवाएगा. शहर से बाहर लगभग तीन कनाल जमीन किराए पर लेकर सेकेंडरी कचरा कलेक्शन प्वाइंट बनाया जाएगा. जिससे शहर के अंदर बने 10 अस्थाई और स्थाई डंपिंग पॉइंट चरणबद्ध तरीके से हटाए जा सके.
शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए नई व्यवस्था के जरिए बाजार और व्यावसायिक एरिया में रात के समय भी कूड़ा उठाने की व्यवस्था रहेगी. नगर परिषद की कूड़ा इकट्ठा करने वाली गाड़ियां निर्धारित स्थानों पर खड़ी रहेगी और देर रात तक घर-घर पहुंचकर कलेक्शन किया जाएगा. यह तरीका इसलिए अपनाया जाएगा ताकि बाजार बंद होने के बाद निकलने वाला कचरा तुरंत उठाया जा सके. सार्वजनिक इलाकों, पार्क, ग्रीन एरिया और सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रात में 6 जगह पर खड़ी होगी कूड़ा संग्रहण गाड़ियां
शहर को साफ बनाने के लिए अपनाई जा रही नई व्यवस्था के जरिए हिसारिया बाजार, गौशाला रोड, गीता भवन के पास, टाउन पार्क के पास और ब्रिज के नीचे और बरनाला रोड स्थित बाल भवन के पास रात्रि के समय कूड़ा इकट्ठा करने वाली गाड़ियां खड़ी होगी. वही कमर्शियल इलाकों में देर रात तक कचरा उठाने वाली गाड़ियां जाएगी. जिससे दुकानदारों को सड़क किनारे कूड़ा डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
व्हाट्सएप शिकायत नंबर जारी
सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों के लिए नगर परिषद ने 93060-58901 व्हाट्सएप नंबर जारी कर दिया है. डीएमसी सुरेंद्र बेनीवाल ने साइकिल के जरिए शहर के बाजारों में घूम कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. इसके बाद 32 वाडों में सुबह व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है.
'पोस्ट ऑफिस के पास बने कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट को हटाकर वहां आई लव सिरसा सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा. शहर से बाहर सेकेंडरी कचरा कलेक्शन प्वाइंट बनेगा और धीरे-धीरे शहर के ज्यादातर डंपिंग पॉइंट चरणपत तरीके से समाप्त कर दिए जाएंगे. शहर में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे.' जयवीर सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद सिरसा
