The Chopal

राजस्थान से बैलों की तलाश में आए बिश्नोइयों ने बसाया जंडवाला बिश्नोईयां गांव, 250 साल पुराना है इतिहास

   Follow Us On   follow Us on
राजस्थान से बैलों की तलाश में आए बिश्नोइयों ने बसाया जंडवाला बिश्नोईयां गांव, 250 साल पुराना है इतिहास

Jandwala Bishnoian Village History (Sirsa): बैल राजस्थान से चलते-चलते हरियाणा की जमीन पर आ पहुंचे और उनकी तलाश में निकले बिश्नोई परिवार को यहां की जमीन और माहौल इतना पसंद आया कि यहीं बसने का फैसला कर लिया। करीब 250 साल पहले वर्ष 1776 में जंड के पेड़ों के बीच इसी तरह गांव जंडवाला बिश्नोई की नींव पड़ी। राजस्थान के रासीसर गांव से आए शिवराम सीगड़ के परिवार ने यहां बसावट शुरू की। उस समय क्षेत्र में खेजड़ी यानी जंड के पेड़ों की बहुतायत थी। इसी कारण पहले इस जगह का नाम जंड पड़ा, जो धीरे-धीरे जंडवाला और फिर जंडवाला बिश्नोईयां हो गया।

रासीसर से आए परिवार ने बसाई बस्ती

गांव के चौपाल से मिले इतिहास के अनुसार शिवराम सीगड़ के बैल इस क्षेत्र में आकर रुक गए थे। उनकी तलाश में परिवार के लोग यहां पहुंचे और यहीं बस गए। शुरुआती बसावट में दयाराम थापन और कुंभाराम सीगड़ का विशेष योगदान रहा। ब्रिटिश शासन के दौरान गांव की करीब 8 हजार बीघा जमीन का राजस्व तहसील साहूवाला में जमा होता था।

उस समय दौल तहसीलदार ने कुंभाराम सीगड़ को भूपति मानते हुए पहला नंबरदार घोषित किया था। कुंभाराम सीगड़ और दयाराम थापन ने जमीन को खेती योग्य बनाने में अहम भूमिका निभाई। जानकी देवी गांव की पहली महिला सरपंच बनी थीं। अब तक 11 लोग सरपंच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में अनुजा थापन गांव की सरपंच हैं।

पहलवानी में भी गांव ने कमाया नाम

जंडवाला बिश्नोई की पहचान पहलवानी के कारण भी रही है। गांव में धीमाराम टाडा और मंगलाराम थापन जैसे नामी पहलवान हुए। ग्रामीणों के अनुसार ब्रिटिश शासन के दौरान बठिंडा से अंग्रेज अधिकारी एक चर्चित पहलवान को मंगलाराम थापन से मुकाबला करवाने के लिए लेकर आए थे। इस कुश्ती में मंगलाराम थापन ने उसे हराकर गांव का नाम रोशन किया था।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत गांव में वर्ष 1980 में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थापित किया गया। इसके बावजूद उच्च शिक्षा के लिए युवाओं को बाहर जाना पड़ता है। पूर्व सरपंच संतराम परिहार के अनुसार शिक्षण संस्थानों की कमी और स्कूल का जरूरत के अनुसार अपग्रेड नहीं होना शिक्षा के विकास में बाधा है।

गांव में आयुष केंद्र है, लेकिन डॉक्टर और बेहतर उपचार की सुविधा नहीं है। गंभीर बीमारी में ग्रामीणों को 30 किलोमीटर दूर डबवाली या 55 किलोमीटर दूर सिरसा जाना पड़ता है। राजस्थान कैनाल पर बना छोटा पुल भी आवागमन में परेशानी का कारण है। ग्रामीण इसकी चौड़ाई बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

जंडवाला बिश्नोईयां पंचायत का लेखा-जोखा

जनसंख्या 4000
मतदाता 2600
साक्षरता दर 72%
जिला मुख्यालय से दूरी 55 किमी.
पहचान नामी पहलवान
प्रमुख उत्पादन धान, गेहूं, कपास
आय स्रोत

कृषि एवं पशुपालन

कनेक्टिविटी स्टेट सड़क मार्ग