CM Yogi in Bhadohi: अस्पताल का निरीक्षण, पार्टी नेताओं संग मंत्रणा, भदोही जिले में पहुचें सीएम

TheChopal: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को भदोही पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 1 बजकर 44 मिनट पर पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरा। वहां मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, डीआईजी आरपी सिंह, डीएम शैलेश कुमार, एसपी अभिमन्यु मांगलिक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सीधे पुलिस लाइन के सभागार पहुंचे। वहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। करीब आधे घंटे तक बैठक करने के बाद मुख्यमंत्री कार से जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।
बीजेपी पदाधिकारियों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस लाइन में बीजेपी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने जिले की स्थिति और समस्याओं की जानकारी ली। सांसद डॉ. विनोद बिंद ने जिले से जुड़ी परेशानियों को बताया, जबकि बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने संगठन के कामकाज की जानकारी दी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने रूद्राक्ष का पौधा लगाया और फिर 11 बेड वाले क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ज्ञानपुर में आने-जाने वाले सभी रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर रोका गया था और जगह-जगह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।