Aaj Ka Weather: दिल्ली-NCR में रुकेगी बरसात, UP-बिहार और राजस्थान के इन हिस्सों में भारी बारिश की आशंका
TheChopal, Weather Alert: दिल्ली-एनसीआर में आज से बारिश का सिलसिला कम हो जाएगा. हालांकि कुछ-कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. 2 दिन लगातार बारिश आने के बाद तापमान में कमी आई है. लेकिन नमी के चलते चिपचिपापन आमजन के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में बादल छाए रहेंगे. मामूली बारिश के साथ-साथ 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है. साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान 25 से 33 डिग्री तक बना रहेगा. अगले चार दिनों तक दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है साथ ही बदल गरजने और बिजली कड़कने की आशंका जताई जा रही है.
यूपी में 20 जुलाई तक भारी बारिश
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हो रही बारिश के चलते मौसम में ठंडक बनी हुई है. राजधानी लखनऊ और कई जिलों में बादलों का बरसना जारी है. यूपी में अगले 4 दिन बारिश जारी रहेगी. इस दौरान 20 जुलाई तक प्रदेश के हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है. आज पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश के इन दोनों हिस्सों में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ-साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है. इसी दौरान पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, आज मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों जैसे की मिर्जापुर, सोनभद्र, संत रविदास नगर, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर में भारी बारिश होने की आशंका है. इसके अलावा मऊ, देवरिया, बलिया, आजमगढ, कुशीनगर, संत कबीर नगर, गोरखपुर और अंबेडकर नगर के आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है.
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में भी मानसून की सक्रियता के चलते अनेक जिलों में बारिश दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग ने 13 जिलों में आज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश के चलते कोटा और पाली के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है. इन 13 जिलों में से तीन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में मानसून की अब तक सामान्य से 102% ज्यादा बारिश हो चुकी है. लोगों को जगह-जगह पर जल भराव जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है.
बिहार का मौसम,
बिहार में मौसम विभाग के अनुसार, शेखपुरा, नवादा, गया, जमुई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी है. इतना ही नहीं बल्कि जहानाबाद, नालंदा, पटना, अरवल, रोहतास और औरंगाबाद में भारी बारिश को लेकर भविष्यवाणी की गई है. साथ ही इन जिलों में बिजली गिरने के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की आशंका जताई गई है. मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार देर रात जमकर बारिश हुई. लगभग 40 मिनट तक हुई इस बारिश से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में कमी आई.

