Monsoon 2025: केरल के बाद अब यहां पहुंचा मानसून, एक साथ कई राज्यों में देगा दस्तक

Monsoon Update: इस साल मानसून समय से पहले आ गया है। सबसे पहले केरल में बारिश शुरू हुई, अब महाराष्ट्र में भी जोरदार बारिश हो रही है। मानसून के जल्दी आने से गुजरात, मध्य प्रदेश और कई दूसरे राज्यों में बादल गरज रहे हैं। उत्तर भारत में भी मानसून की शुरुआत के संकेत दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया था कि मानसून 27 मई के करीब आएगा, लेकिन यह पहले ही आ गया। इस बारिश से फसलों को फायदा मिलेगा और लोगों की रोजी-रोटी भी बेहतर होगी।
आईएमडी के अनुसार
अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र और विदर्भ तक फैली ट्रफ लाइन ने मानसून की गति बढ़ा दी है। इसके अलावा, ईएनसीओ का सामान्य रहना और हिमालय में कम बर्फ गिरना भी मानसून को मजबूत बनाने में मदद कर रहे हैं। 13 मई को अंडमान सागर में मानसून शुरू होने से यह जल्दी केरल तक पहुंचा। अब मानसूनी बारिश केवल केरल और महाराष्ट्र तक सीमित नहीं है। यह धीरे-धीरे लक्षद्वीप, अरब सागर, मालदीव, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और मिजोरम के कुछ हिस्सों में भी होगी। बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून पहुंच चुका है। अगले 2-3 दिनों में यह गोवा, आंध्र प्रदेश और बाकी पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश करेगा।
उत्तर भारत में तापमान कम हो रहा
प्री मानसून की गतिविधियों की वजह से उत्तर भारत में तापमान कम हो रहा है। लेकिन दिल्ली में अभी बारिश नहीं होगी, लोगों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। अगले कुछ दिन में दिल्ली में फिर से तापमान बढ़ सकता है। आमतौर पर दिल्ली-एनसीआर में मानसून 27 से 29 जून के बीच आता है। उत्तर प्रदेश में मानसून 20 से 30 जून के बीच आने की संभावना है। पूर्वी यूपी में यह 20 जून तक और पश्चिमी यूपी में 25 से 30 जून के बीच आता है। हरियाणा और पंजाब में मानसून 29 जून से 2 जुलाई के बीच पहुंचने की उम्मीद है।
16 से 18 जून तक मानसून सक्रिय हो सकता है
राजस्थान में यह 25 जून से 5 जुलाई के बीच हो सकता है। बिहार और झारखंड में 16 से 18 जून तक मानसून सक्रिय हो सकता है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 15 से 20 जून के बीच मानसून आने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मानसून 25 जून के बाद सक्रिय होगा। उत्तराखंड में भी 25 से 30 जून तक मानसून आने की उम्मीद है।