Weather Update IMD: हवाओं के साथ 7 दिन गरज के साथ होगी बारिश, इन राज्यों में बदलेगा मौसम का रुख
Weather Updates : राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता संतोषजनक रही। आईएमडी ने बताया कि सुबह साढ़े 8 बजे आर्द्रता का स्तर 74 प्रतिशत रहा।

Delhi Weather Updates : मार्च महीने में गर्मी बढ़ने के साथ ही बारिश ने भी दस्तक दे दी है। होली पर देश के कई इलाकों में हल्की से लेकर मध्यम बरसात हुई थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर एक बार फिर चेतावनी जारी की है। इसके मुताबिक, असम और उसके आसपास की जगहों पर चक्रवाती सर्कुलेशन तैयार हो रहा है। इसके चलते मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है। अगले एक हफ्ते के दौरान असम और अरुणाचल प्रदेश में बदरा बरसेंगे। साथ ही 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा का हाल भी कुछ ऐसा ही रहने वाला है। यहां अगले 7 दिनों तक गरज के साथ हल्की से लेकर मध्यम वर्षा हो सकती है।
उत्तरी छत्तीसगढ़ से विदर्भ तक मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। इसके चलते सोमवार को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज व बिजली के साथ छिटपुट बारिश होगी। 30-50 किमी प्रति घंटे की गति तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, आज गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल में छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है। 19 से लेकर 23 तारीख के दौरान पूर्वी-मध्य भारत में गरज, बिजली के साथ बदरा बरसेंगे। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। 20 और 21 मार्च को गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है।
नई दिल्ली में कैसा है मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता संतोषजनक रही। आईएमडी ने बताया कि सुबह साढ़े 8 बजे आर्द्रता का स्तर 74 प्रतिशत रहा। उसने बताया कि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार तीसरे दिन संतोषजनक (99) श्रेणी में रहा। दिल्ली में शनिवार को पिछले तीन वर्ष में 1 जनवरी से 15 मार्च के बीच किसी भी दिन की तुलना में सबसे स्वच्छ वायु गुणवत्ता रही। एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच के अच्छा, 51-100 को संतोषजनक, 101-200 को मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।
ओडिशा का बौध शहर देश का सबसे गर्म स्थान
ओडिशा का बौध शहर रविवार को देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा का झारसुगुडा देश में दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोलनगीर तीसरा सबसे गर्म स्थान रहा और यहां 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश का चौथा सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, बौध लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा। शनिवार को बौध का तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ओडिशा के बड़े क्षेत्रों, खासकर पश्चिमी क्षेत्र में रविवार को लू जैसे हालात रहे। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू की संभावना जताते हुए सोमवार के लिए झारसुगुडा, संबलपुर और कालाहांडी के लिए रेड वॉर्निंग जारी की है। रेड वार्निंग तब जारी होती है, जब बहुत ज्यादा गर्भी पड़ने और तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना हो।