MP में बनेगा 4 भुजाओं वाला पुल, मिलेगी वर्ल्ड क्लास कनेक्टिविटी, नितिन गडकरी ने दी मंजूरी
Four-Arm Flyover : मध्य प्रदेश में यूं तो अनेक ब्रिज और फ्लायओवर का निर्माण किया जा रहा है लेकिन एक फ्लायओवर इन सबसे बिल्कुल अलग होगा। केंद्रीय मंत्री ने चार भुजा वाले फ्लायओवर की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जल्द बनने जा रहे इस फ्लायओवर से न केवल शहर को जाम से छुटकारा मिलेगा बल्कि यह चारों ओर से गुजरनेवाले सभी हाईवे को भी जोड़ देगा।

Four-Arm Flyover : मध्य प्रदेश में यूं तो अनेक ब्रिज और फ्लायओवर का निर्माण किया जा रहा है लेकिन बुंदेलखंड में बननेवाला एक फ्लायओवर इन सबसे बिल्कुल अलग होगा। यह चार भुजाओं वाला फ्लायओवर होगा जोकि सागर में बनेगा। इसी के साथ सागर को वर्ल्ड क्लास कनेक्टिविटी भी मिल जाएगी। स्थानीय विधायक प्रदीप लारिया ने इस संबंध में दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की है। केंद्रीय मंत्री ने चार भुजा वाले फ्लायओवर की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जल्द बनने जा रहे इस फ्लायओवर से न केवल शहर को जाम से छुटकारा मिलेगा बल्कि यह चारों ओर से गुजरनेवाले सभी हाईवे को भी जोड़ देगा।
सागर में बढ़ते यातायात को देखते हुए तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव ने फ्लाईओवर की सौगात दी थी। इसे शहर के सबसे व्यस्त मकरोनिया चौराहे से सिविल लाइन तक बनाया जाना है। हालांकि फ्लाईओवर की डिजाइन पर कई सवाल खड़े हो गए तो नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने नए सिरे से इसका डिजाइन तैयार करवाया।
खास बात ये है कि नया फ्लाईओवर चार भुजाओं वाला होगा। विधायक प्रदीप लारिया ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रस्तावित डिजाइन से अवगत कराया। विधायक ने बताया है कि केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इसकी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब फ्लाईओवर की नई डिजाइन का डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बनवाया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने मीडिया को बताया कि फ्लाईओवर की पुरानी डिजाइन में मकरोनिया बहेरिया रोड पर पंचवटी से सिविल लाइन तक बनाने का प्रस्ताव था। व्यापारियों सहित कई लोगों ने इसका विरोध किया जिसके बाद प्रस्तावित फ्लाईओवर पर रोक लगा दी गई। अब फ्लाईओवर की नई डिजाइन तैयार की जा रही है।
विधायक प्रदीप लारिया के मुताबिक फ्लाईओवर के संबंध में मध्यप्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से कई बार मुलाकात कर नई डिजाइन बनाने की मांग की थी। केंद्रीय मंत्री ने मेरा आग्रह स्वीकार कर नए चार भुजावाले फ्लाईओवर की सैद्धांतिक सहमति दी है। अब इसे फिर से डिजाइन किया जा रहा है।
सभी हाईवे से जोड़ेगा फ्लाईओवर
पहले फ्लाईओवर की लंबाई 900 मीटर रखी गई थी लेकिन अब 2400 मीटर का बनेगा। चार भुजाओं वाला फ्लाईओवर बहेरिया, नरसिंहपुर रोड, सिविल लाइन और रजाखेड़ी होते हुए झांसी रोड से जोड़ा जाएगा। सागर से गुजरने वाले सभी स्टेट हाईवे और नेशनल हाइवे इस फ्लाईओवर से जुड़ जाएंगे।
फ्लाईओवर की एक भुजा सागर-कानपुर हाइवे को जोड़ेगी जबकि दूसरी भुजा से नेशनल हाइवे 44 यानि नरसिंहपुर मार्ग जुडे़गा। एक अन्य भुजा रजाखेड़ी होते हुए झांसी रोड से जोड़ी जाएगी जबकि वहीं चौथी भुजा सिविल लाइन से जुड़ेगी।