10 और 20 रुपये के नोटों की बड़ी खबर, वित्त मंत्रालय ने दी जरूरी जानकारी

Ministry Of Finance: देश में कई बार यह अफवाह फैलती है कि 10 और 20 रुपये के सिक्के बंद होने वाले हैं। लेकिन अब इस बारे में लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सरकार ने साफ-साफ जानकारी दी है। सरकार ने कहा है कि 10 और 20 रुपये के सिक्के और नोट पूरी तरह वैध हैं और इनका इस्तेमाल पहले की तरह किया जा सकता है। इससे उन लोगों की चिंता खत्म हो जाती है जो सोच रहे थे कि ये सिक्के अब नहीं चलेंगे। आइए जानते हैं कि सरकार ने इस बारे में और क्या कहा है।
वित्त मंत्रालय ने क्या बताया?
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि देश में ₹10 और ₹20 के नोट और सिक्के अभी भी चलन में हैं और छपते भी रहते हैं। 31 दिसंबर 2024 तक बाजार में लगभग 2.5 अरब (2,52,886 लाख) ₹10 के नोट मौजूद थे, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹25,289 करोड़ थी। साथ ही लगभग 7.9 अरब (79,502 लाख) ₹10 के सिक्के भी चलन में थे, जिनकी कीमत ₹7,950 करोड़ थी। इससे साफ होता है कि ₹10 के नोट और सिक्के बंद नहीं हो रहे हैं और यह अफवाह गलत है।
20 रुपये के नोट अभी भी छप रहे हैं
फिर एक सवाल पूछा गया कि क्या देश में ₹20 के नए नोट छापना बंद कर दिया गया है। इस सवाल के जवाब में वित्त मंत्रालय ने कहा कि ऐसा नहीं है। यानी, भले ही बाज़ार में आपको ₹10 और ₹20 के नोट या सिक्के कम दिखें, लेकिन वे अभी भी चलन में हैं। जो भी खबरें आती हैं कि ये नोट या सिक्के बंद होने वाले हैं, वे गलत और भ्रमित करने वाली हैं।
20 रुपये के सिक्के कब जारी हुए थे?
सरकार ने 2020 में पहली बार ₹20 के सिक्के जारी किए थे। इन सिक्कों के 12 किनारे थे और उन पर अनाज की आकृति बनी थी, जो भारत की खेती को दर्शाती है। साथ ही, ₹1, ₹2, ₹5 और ₹10 के नए गोलाकार सिक्के भी उसी समय जारी किए गए थे, जिन पर उनका मूल्य हिंदी में लिखा था।
नए 20 रुपये के सिक्के की खास बातें
वित्त मंत्रालय के अनुसार, नए ₹20 के सिक्के का वजन लगभग 8.54 ग्राम होगा और इसका व्यास 27 मिमी होगा।इस सिक्के की बाहरी रिंग निकेल सिल्वर की होगी और अंदर का भाग निकेल ब्रास से बना होगा।सिक्के के आगे की तरफ अशोक स्तंभ की सिंह की आकृति होगी और उसके नीचे 'सत्यमेव जयते' लिखा होगा।सिक्के के बाईं ओर हिंदी में 'भारत' और दाईं ओर अंग्रेज़ी में 'INDIA' लिखा होगा। यह जानकारी सरकार ने साल 2020 में दी थी।