Mustard Oil: कहीं आपके घर में नकली सरसों का तेल तो नहीं, जानिए पहचान का आसान और पक्का तरीका
How to check mustard oil purity: क्या आप भी घर में इस्तेमाल होने वाले सरसों के तेल को पूरी तरह असली समझकर इस्तेमाल कर रहे हैं? जरा संभल जाइए, बाजार में इन दिनों मिलावटी सरसों का तेल बड़ी तेजी से बिक रहा है, जो आपकी सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। खाने में स्वाद तो आता है, लेकिन यह स्वाद आपकी सेहत को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। कई जगह छापेमारी में यह खुलासा हो चुका है कि नकली तेल असली जैसा ही दिखता है, लेकिन असलियत कुछ और होती है।
मिलावटी सरसों के तेल से न केवल उसकी गुणवत्ता खत्म हो जाती है, बल्कि इसके लगातार सेवन से शरीर में कई गंभीर बीमारियां भी घर कर सकती हैं। समस्या यह है कि आम उपभोक्ता के लिए असली और नकली तेल की पहचान करना आसान नहीं है। इसी वजह से आज हम आपको कुछ बेहद आसान और घरेलू तरीके बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप असली और नकली सरसों के तेल की पहचान चुटकियों में कर सकते हैं।
फ्रीज टेस्ट से ऐसे पकड़ें मिलावटी सरसों का तेल
अगर आपको शक है कि आपके घर में इस्तेमाल हो रहा सरसों का तेल मिलावटी तो नहीं, तो इसका पता लगाने के लिए एक बेहद आसान तरीका अपनाया जा सकता है, जिसे फ्रीज टेस्ट कहते हैं। इसके लिए आपको बस इतना करना है कि एक कप सरसों का तेल किसी कांच या स्टील के बर्तन में निकालिए और उसे सीधे फ्रिज में रख दीजिए। लगभग 5 से 6 घंटे बाद जब आप तेल को बाहर निकालेंगे, तो गौर से देखें। अगर तेल में सफेद धब्बे या जमाव दिखाई देता है तो समझ जाइए कि उसमें मिलावट की गई है। असली सरसों के तेल में ऐसा कोई बदलाव नहीं आता। इस आसान से टेस्ट से आप बिना किसी लैब टेस्ट के ही घर बैठे मिलावटी तेल की पोल खोल सकते हैं।
आसान टेस्ट से तुरंत पहचानें
सरसों के तेल में मिलावट है या नहीं, इसका पता आप अपने हाथों से भी लगा सकते हैं। इसके लिए बस कुछ बूंदें सरसों का तेल अपनी हथेली पर लें और उसे अच्छी तरह रगड़ें। अगर तेल रगड़ने के बाद आपके हाथों पर कोई रंग नजर आता है या तेल से किसी तरह की केमिकल जैसी तेज़ गंध आती है, तो समझ जाइए कि उस तेल में मिलावट की गई है। असली सरसों के तेल में ऐसी कोई गंध या रंग नहीं निकलता। सरसों के तेल में मिलावट का पता लगाने के लिए बैरोमीटर टेस्ट भी किया जाता है। अगर तेल बिल्कुल शुद्ध है तो उसकी बैरोमीटर रीडिंग करीब 58 से 60.5 के बीच आती है। अगर रीडिंग इससे ज्यादा या कम आती है तो समझ लीजिए कि तेल में मिलावट की गई है।
अगर आपके सरसों के तेल की बैरोमीटर पर रीडिंग तय सीमा से ज्यादा आती है तो यह साफ इशारा है कि तेल में मिलावट हो सकती है। ऐसे आसान तरीकों से आप घर बैठे ही असली और मिलावटी सरसों के तेल की पहचान कर सकते हैं।
