Rajsthan Mausam : तापमान 42 डिग्री के करीब, आज फिर बारिश का अलर्ट
The Chopal, Rajsthan Mausam : कोटा में एक दिन हल्की बारिश के बाद रविवार को अधिकतम तापमान में फिर बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई। दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। छुट्टी का दिन होने के बावजूद सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 41.7 और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 40.8 और न्यूनतम 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजधानी में दिन का तापमान 40 डिग्री से नीचे आया
जयपुर पिछले कुछ दिनों से गर्मी से परेशान लोगों को रविवार को राहत मिली। यहां एक बार फिर दिन का तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया। दिन में हल्के बादल छाए रहे। पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर में दिन और रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। यहां दिन का तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में जयपुर में अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जयपुर में आंशिक बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।