UP के इस जिले में जाम का झंझट खत्म करने के लिए बनाया जाएगा फ्लाईओवर, 5 शहरों का सफर होगा आसान
UP News : उत्तर प्रदेश के इस जिले में बेलैसा क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज का एक्सटेंशन बन रहा है, जिससे जौनपुर, बनारस और प्रयागराज जाने वाले वाहनों को जाम से राहत मिलेगी। नया ब्रिज 717.42 मीटर लंबा और 7.30 मीटर चौड़ा होगा।

UP News : उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के बेलैसा क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के एक्सटेंशन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस नई सुविधा से शहर से बाहर जौनपुर, बनारस और प्रयागराज जाने वाले सभी बड़े और छोटे वाहनों को भारी जाम से निजात मिलेगी। साथ ही, वर्तमान में चल रहे डबल लेन ओवरब्रिज पर भी ट्रैफिक की आवाजाही बेहतर होगी।
पहले भी बेलैसा में रेलवे क्रॉसिंग की समस्या को देखते हुए आजमगढ़ प्रशासन ने ओवरब्रिज का निर्माण कराया था। लेकिन समय के साथ वाहनों की संख्या बढ़ती गई और पुराने डबल लेन ओवरब्रिज पर जाम की समस्या सामने आने लगी। छोटे और बड़े वाहन एक साथ क्रॉस करने में असमर्थ हो रहे थे, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था।
बनारस, जौनपुर और लखनऊ जाने वालों को बड़ी राहत
यह ओवरब्रिज आजमगढ़ जिले को बनारस, जौनपुर, प्रयागराज समेत लखनऊ के मुख्य मार्गों से जोड़ता है। रोजाना यहां से गुजरने वाले वाहन जिनमें बनारस, जौनपुर, सुल्तानपुर होते हुए लखनऊ, प्रयागराज और फैजाबाद, गोरखपुर, मऊ से आने-जाने वाले वाहन शामिल हैं, उन्हें जाम का सामना करना पड़ता था। नए एक्सटेंशन के बनने से इन सभी वाहनों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
यातायात व्यवस्था में आयेगा सुधार
रेलवे ओवरब्रिज के साथ-साथ इसका दूसरा हिस्सा भी बनाया जा रहा है। इसके लिए लगभग 62.51 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। नया ब्रिज लगभग 717.42 मीटर लंबा और 7.30 मीटर चौड़ा होगा, जिसमें दो लेन होंगी। इससे वाहनों की आवाजाही और यातायात प्रबंधन में सुधार होगा। इस एक्सटेंशन से बड़े और छोटे वाहनों का मार्ग अलग-अलग होगा, जिससे जाम की समस्या कम होगी।
इस फ्लाईओवर का कुल लंबाई 717.42 मीटर होगी। इसमें रेलवे विभाग पुल का 63.50 मीटर हिस्सा बनाएगा, जबकि उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निर्माण निगम 430.575 मीटर पुल और 223.347 मीटर एप्रोच मार्ग का निर्माण करेगा। निर्माण का काम दोनों तरफ से मजबूत बिंड की ढलाई के साथ शुरू हो चुका है। इस परियोजना के दौरान शासन स्तर के अधिकारियों ने स्कूल के निर्माण सहित कई निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं, ताकि निर्माण कार्य समय पर और बेहतरीन क्वालिटी के साथ पूरा हो सके।