IMD Alert: यूपी के बाद हरियाणा-पंजाब में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कुछ घंटों में हर गांव-शहर भीगेगा

TheChopal: जून की शुरुआत में लोगों को तेज गर्मी झेलनी पड़ी थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। कहीं-कहीं मौसम सुहाना हो गया है तो कुछ इलाकों में अभी भी उमस वाली गर्मी परेशान कर रही है। आइए जानते हैं कि मौसम विभाग ने किन-किन इलाकों में जल्द मानसून पहुंचने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक
उत्तर प्रदेश में तीन दिन पहले मानसून ने दस्तक दे दी थी। इसके बाद मानसून आगे बढ़ते हुए हिमाचल प्रदेश, आधे पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। मानसून के आने से आसमान में बादल छा गए और गरज-चमक के साथ बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी। वहीं, करनाल और उसके आसपास के इलाकों में 57 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
प्रदेश में तय समय से पहले पहुंचा मानसून
हरियाणा और पंजाब में इस बार मानसून ने तय तारीख से पहले ही दस्तक दे दी है। मानसून 27 जून को पहुंचना था, लेकिन उससे पहले ही बारिश शुरू हो गई। मानसून के पहले ही दिन राज्य में करीब 9.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। अब तक इस महीने में कुल 40.6 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 11 फीसदी ज्यादा है।
इन जिलों में भारी बारिश के आसार
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, प्रदेश में 24 जून को 16 जिलों में अच्छी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश रेवाड़ी और कुरुक्षेत्र में दर्ज की गई, जहां 68 एमएम बारिश हुई। मानसून हरियाणा, पंजाब और राजस्थान तक पहुंच चुका है, लेकिन कई जगहों पर अभी मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है।
मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, अगले चार दिनों तक रुक-रुक कर तेज बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने जल्द ही पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना जताई है।
कहां कितनी बारिश हुई
पिछले दिनों सबसे ज्यादा बारिश रेवाड़ी और कुरुक्षेत्र में 68 एमएम दर्ज की गई। भिवानी और नारनौल में करीब 39.5 एमएम बारिश हुई। वहीं, कैथल, सिरसा और चरखी दादरी में 7 एमएम और हिसार, पानीपत, सोनीपत में लगभग 2.7 एमएम बारिश दर्ज की गई।