प्रमुख दालें सालभर में 10 से 45 प्रतिशत हुई सस्ती, आम आदमी की थाली को राहत
MP News : भोजन की थाली को दालों ने बड़ी राहत पहुंचाई है। सालभर में प्रमुख दालों के दामों में 10 से 45 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। तुअर दाल थोक बाजार में 100 रुपए प्रति किलो से नीचे बिक रही है। उड़द और चना दाल की कीमतें भी 20 प्रतिशत तक नीचे आई हैं।

Madhay Pradesh News : भोजन की थाली को दालों ने बड़ी राहत पहुंचाई है। सालभर में प्रमुख दालों के दामों में 10 से 45 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। तुअर दाल थोक बाजार में 100 रुपए प्रति किलो से नीचे बिक रही है। उड़द और चना दाल की कीमतें भी 20 प्रतिशत तक नीचे आई हैं। बाजार में तुअर और मूंग दाल के दामों में सिर्फ 10 रुपए का अंतर रह गया है, जो पिछले साल 70 रुपए से ज्यादा था। व्यापारी इसे खरीदी कमजोर पड़ने और आवक बढ़ने का असर बता रहे हैं। आमों की बढ़ती खपत भी इसका प्रमुख कारण है।
मटर दाल फिलहाल 45 से 55 रुपए प्रति किलो के भाव पर मिल रही है, जो तुअर की तुलना में लगभग आधी है। मई 2024 में जहां तुअर दाल 151 से 178 रुपए प्रति किलो बिक रही थी, वहीं अब इसका थोक भाव 73 से 100 प्रति किलो तक आ गया है। महाराष्ट्र के लातूर में तुअर दाल के भाव यहां से करीब 10 से 20 रुपए कम हैं।
ऐसे में आगे भाव घटने की और संभावना है। मूंग दाल का थोक भाव इस समय 80 से 86 रुपए प्रति किलो चल रहा है, जबकि पिछले साल यह 102 से 105 रुपए प्रति किलो थी। यानी इसमें करीब 18 से 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
चना दाल के दाम भी 15 से 20 प्रतिशत नीचे
चना दाल की कीमत भी 86 से 91 रुपए से घटकर 70 से 78 रुपए प्रति किलो पर आ गई है। इसमें लगभग 18 प्रश की गिरावट देखी गई है। इसका असर होटल और स्नैक इंडस्ट्री में भी दिख रहा है, जहां चना बेस्ड आइटम्स की लागत में कमी आई है।
पहली बार भाव इतने गिरे, अब स्थिर होंगे
इंदौर दाल-चावल व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष दयाल गंगवानी के मुताबिक फिलहाल दाम निचले स्तर तक पहुंच चुके हैं। खरीफ सीजन की तैयारी के चलते बाजार अब स्थिर रहने की उम्मीद है। आम की बढ़ती खपत और देश में दालों का उत्पादन और आयात दोनों बढ़ने से भाव पर इतना बड़ा असर पड़ा है।